सामाजिकयातायातसरकारसुरक्षा

छह साल में भी 102 किमी सड़क नहीं बना सकी श्रीजी इंफ्रा, आखिर कब मिलेगी जनता को राहत?

2021 में जारी हुआ था वर्क ऑर्डर, 2024 तक पूरा होना था निर्माण; करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क अधूरी, पुल-पुलिया और नाली निर्माण भी अटका

रायगढ़। जिले में बदहाल सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसका बड़ा उदाहरण चंद्रपुर–डभरा–खरसिया–धरमजयगढ़ होते हुए पत्थलगांव तक बनने वाली सड़क है, जिसका निर्माण वर्षों बाद भी पूरा नहीं हो सका है। लगभग 102 किलोमीटर लंबे इस सड़क प्रोजेक्ट को पूरा करने की जिम्मेदारी श्रीजी इंफ्रास्ट्रक्चर को दी गई थी, लेकिन छह साल का लंबा वक्त गुजरने के बाद भी निर्माण अधूरा है। सबसे बड़ी बात यह है कि जिस सड़क का निर्माण वर्ष 2024 तक पूरा हो जाना था, उसके लिए समय सीमा बढ़ाने के बावजूद काम पूरा नहीं हो पाया।

91 किलोमीटर सड़क रायगढ़ जिले में, फिर भी निर्माण अधूरा

इस परियोजना की कुल लंबाई करीब 102 किलोमीटर है, जिसमें लगभग 91 किलोमीटर सड़क रायगढ़ जिले के अंतर्गत आती है। जानकारी के मुताबिक अब तक करीब 55 किलोमीटर सड़क का निर्माण ही पूरा हो सका है। शेष हिस्सों में निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी बताई जा रही है। छाल से खरसिया के बीच लगभग 18 किलोमीटर सड़क भी पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को अब भी बेहतर सड़क सुविधा का इंतजार करना पड़ रहा है।

नाली, पुल-पुलिया और डब्ल्यूएमएम का काम भी अधूरा

सड़क निर्माण की लेटलतीफी केवल डामरीकरण तक सीमित नहीं है। परियोजना में लगभग 18 किलोमीटर ड्रेन निर्माण किया जाना है, लेकिन अब तक करीब साढ़े सात किलोमीटर ही बन पाया है। वहीं पुल-पुलियों का निर्माण भी बाकी है। डब्ल्यूएमएम लेयर का काम भी पूरा नहीं हो सका है। पीडब्ल्यूडी द्वारा ठेका कंपनी को कई बार नोटिस जारी कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण की गति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है।

12 प्रतिशत बिलो में लिया था 147 करोड़ का ठेका

इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना के लिए शासन ने करीब 190 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी थी। तकनीकी स्वीकृति 183 करोड़ रुपये की थी, जिसे संशोधित कर लगभग 168 करोड़ रुपये किया गया। इसके बाद श्रीजी इंफ्रास्ट्रक्चर ने करीब 12 प्रतिशत बिलो दर पर 147 करोड़ रुपये में ठेका हासिल किया था। वर्ष 2021 में वर्क ऑर्डर जारी हुआ और वर्ष 2024 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन तय समय सीमा बीतने के बाद भी सड़क अधूरी है। बताया जा रहा है कि पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य पूरा करने के लिए जनवरी 2026 तक अतिरिक्त समय दिया था। इसके बावजूद परियोजना पूरी नहीं हो सकी।

जनता की परेशानी का जिम्मेदार कौन?

सड़क निर्माण में हो रही देरी का खामियाजा क्षेत्र के ग्रामीणों, वाहन चालकों और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। अधूरे निर्माण के कारण आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की लागत वाली परियोजना निर्धारित समय पर पूरी क्यों नहीं हो सकी? बार-बार नोटिस देने के बाद भी ठेका कंपनी पर क्या प्रभावी कार्रवाई हुई? आखिर जिम्मेदारों की जवाबदेही कब तय होगी?

अब जरूरत केवल समय सीमा बढ़ाने की नहीं, बल्कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जवाबदेही तय करने की है। क्षेत्र की जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि जल्द से जल्द पूरी और गुणवत्तापूर्ण सड़क चाहिए।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button