कानूनव्यापार

धान के अवैध कारोबार पर प्रशासन का बड़ा एक्शन! तीन जगह छापेमारी, 180 क्विंटल सहित भारी मात्रा में धान जब्त

कोयलंगा में किराना दुकान से 11 क्विंटल धान बरामद, लैलूंगा में 70 बोरी धान से लदी पिकअप जब्त; धरमजयगढ़-कापू में गोदाम से 180 क्विंटल धान पकड़ा गया

रायगढ़। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही जिले में अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमों ने दबिश देकर अवैध रूप से भंडारित एवं परिवहन किए जा रहे धान को जब्त किया है। तीन अलग-अलग कार्रवाई में किराना दुकान, पिकअप वाहन और गोदाम से बड़ी मात्रा में धान पकड़े जाने से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

कोयलंगा में किराना दुकान से 11 क्विंटल धान जब्त

26 नवंबर को रायगढ़ तहसील के ग्राम कोयलंगा में मंडी एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आयुष किराना स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में 26 कट्टा धान, जिसकी कुल मात्रा 11 क्विंटल बताई गई, अवैध रूप से भंडारित मिला। टीम ने मंडी अधिनियम के तहत धान जब्त कर कार्रवाई की।

लैलूंगा में 70 बोरी धान से लदी पिकअप पकड़ी

27 नवंबर को अनुविभागीय अधिकारी के निर्देशन में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने लैलूंगा में कार्रवाई की। इस दौरान सुरंगपानी निवासी शंकर यादव द्वारा पिकअप वाहन से टीएसएस लैलूंगा में बिक्री के लिए लाए जा रहे 70 बोरी धान को जब्त किया गया। प्रशासन ने परिवहन किए जा रहे धान को कार्रवाई के दायरे में लेते हुए जब्ती की कार्रवाई की।

कापू में गोदाम से 180 क्विंटल अवैध धान बरामद

इसी क्रम में विकासखंड धरमजयगढ़ के कापू क्षेत्र में खाद्य एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने गुप्ता किराना के गोदाम की जांच की। यहां से 180 क्विंटल अवैध धान जब्त करने की कार्रवाई की गई। इतनी बड़ी मात्रा में धान मिलने के बाद प्रशासन की निगरानी और कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

धान खरीदी में गड़बड़ी करने वालों पर प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण, परिवहन और अनियमित खरीदी-बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का स्पष्ट रुख है कि धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

अब बड़ा सवाल यह है कि जिले में अलग-अलग स्थानों पर सामने आ रहे अवैध धान भंडारण और परिवहन के मामलों के पीछे कौन-कौन सक्रिय हैं? प्रशासन की लगातार कार्रवाई से उम्मीद है कि अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा और वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने का पूरा अवसर मिलेगा।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button