
प्रभात फेरी में मां भारती बनी बच्ची रही मुख्य आकर्षण
रायगढ़। बेलादुला स्थित आनंद मार्ग इंग्लिश मीडियम स्कूल में आजादी का 76 वां वर्षगांठ हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि कांग्रेस कमेटी के अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश सचिव देव साहू द्वारा ध्वजारोहण किया गया और तिरंगे झंडे को सलामी दी गई, तदुप्रांत राष्ट्र गान का गायन समवेत स्वर में उपस्थित सभी ने किया । इस पावन सुअवसर पर मुख्य अतिथि देव साहू ने सभी को 77 वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भारत की आजादी में योगदान देने वाले अमर बलिदानियों को याद करते हुए कहा कि हमें हमेशा अमर शहीदों की कुर्बानियों को याद रखना चाहिए और भारत को फिर से सोने की चिड़िया बनाने में योगदान देना हर भारतीय का कर्तव्य होना चाहिए।

वहीं आनंद मार्ग इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्राचार्य करुणकृष्णानंद अवधूत द्वारा स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारा भारत आज ही के दिन अग्रेंजों के गुलामी से आजाद हुआ था। आज़ादी दिलाने वाले सभी महापुरुषों को नमन किया जाना चाहिए क्योंकि उन्होने अपने प्राणों की परवाह किए बगैर देश को आजाद कराया और हमें आज़ादी का उपहार दिया। इस पावन अवसर पर क्लास नर्सरी से लेकर फाइव क्लास तक के बच्चों का प्रभात फेरी निकाली गई जिसमें भारत माता बनी बच्ची रैली के मुख्य आकर्षण रही।

सभी बच्चों ने भारत माता की जय के जयघोष को बुलंद किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के अंतिम चरण में कार्यक्राम में भाग लिए बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किया गया तथा मिष्ठान का भी वितरण किया गया। इस गरिमा मय सुअवसर पर आनंदमार्ग इंग्लिश मीडियम स्कूल बेलादुला के समस्त स्टॉफ जिनमें मोनिका देवांगन, सेवती सिदार, राखी सिदार, ज्योति केंवत, वंदना आचार्य, सुधीर विश्वकर्मा, आकाश सेठ की सहभागिता रही एवम् स्कूल के बच्चों, अभिभावकों व आसपास के गणमान्य नागरिकों की गरिमा मय उपस्थिति रही। इस पूरे कार्यक्रम का सफलता पूर्वक मंच संचालन गंगाधर डेहरी ने किया।







