
जर्जर मकान में रहने वाले जरूरतमंद परिवार सूची से बाहर, पूर्व में आवास का लाभ ले चुके परिवार के बेटे का नाम शामिल होने का आरोप… निष्पक्ष जांच की उठी मांग
सारंगढ़-बरमकेला। ग्राम पंचायत गोबरसिंहा में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम सूची जारी होते ही विवाद गहराने लगा है। सूची में हितग्राहियों के चयन को लेकर ग्रामीणों के बीच सवाल उठ रहे हैं। कहीं पात्र परिवारों की अनदेखी तो कहीं अपात्रों को प्राथमिकता दिए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। इतना ही नहीं, पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कथित तौर पर पैसे मांगने की चर्चा ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
पहले ही आवास का लाभ, फिर बेटे का नाम सूची में कैसे?
मिली जानकारी के अनुसार, एक ऐसे परिवार के बेटे का नाम प्रथम सूची में शामिल होने की बात सामने आई है, जिसके परिवार को पूर्व में दो इंदिरा आवास अथवा प्रधानमंत्री आवास का लाभ मिल चुका है। वहीं सूची में अविवाहित पुरुषों के नाम शामिल होने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि आखिर हितग्राहियों का चयन किन पात्रता नियमों और मापदंडों के आधार पर किया गया?
बगल में जर्जर मकान, लेकिन जरूरतमंद परिवार सूची से गायब!
मामले का दूसरा पहलू और भी चौंकाने वाला है। बताया जा रहा है कि संबंधित परिवार के पड़ोस में रहने वाले एक अन्य परिवार के तीन सदस्यों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की सूची में दर्ज थे। लेकिन प्रथम सूची जारी होने के बाद तीनों में से किसी का भी नाम शामिल नहीं दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस परिवार का मकान जर्जर स्थिति में है और उन्हें वास्तव में आवास की जरूरत है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब जरूरतमंद परिवार का नाम ही सूची से गायब है, तो आखिर चयन प्रक्रिया में किस आधार को प्राथमिकता दी गई?
गरीबों के आवास में पैसों की मांग की चर्चा, किसकी शह पर चल रहा खेल?
सूत्रों के हवाले से पात्र हितग्राहियों से पैसे मांगे जाने की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि शिकायतों में सच्चाई पाई जाती है, तो यह गरीबों के अधिकारों के साथ गंभीर खिलवाड़ होगा। सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
जिम्मेदारों से उठे सीधे सवाल
- प्रथम सूची तैयार करने में किन नियमों और पात्रता मापदंडों का पालन किया गया?
- पूर्व में दो आवास का लाभ प्राप्त कर चुके परिवार के बेटे का नाम किस आधार पर शामिल हुआ?
- जर्जर मकान में रहने वाले जरूरतमंद परिवार का नाम सूची से बाहर क्यों है?
- क्या सभी हितग्राहियों का वास्तविक भौतिक सत्यापन कराया गया?
- कथित पैसों की मांग की शिकायतों की जांच कौन करेगा?
- सूची तैयार करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी?
अब प्रशासन की जांच का इंतजार, क्या खुलेगा सूची का पूरा राज?
प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में पात्र हितग्राहियों को दरकिनार कर अपात्रों को लाभ पहुंचाने या योजना के नाम पर कथित वसूली की शिकायतें बेहद गंभीर हैं।
ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं की मांग है कि जिला प्रशासन, जनपद पंचायत बरमकेला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित आवास योजना के अधिकारी ग्राम पंचायत गोबरसिंहा की प्रथम सूची की निष्पक्ष जांच कराएं। पुराने आवासों का रिकॉर्ड, पात्रता, सर्वेक्षण रिपोर्ट और हितग्राहियों के चयन की प्रक्रिया सार्वजनिक कराई जाए। साथ ही कथित वसूली की शिकायतों की भी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जर्जर मकान में रहने वाला जरूरतमंद परिवार आज भी पक्की छत का इंतजार कर रहा है, तो प्रधानमंत्री आवास की सूची में उसका नाम आखिर क्यों नहीं है? अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कराता है या गरीबों के सवाल फाइलों में ही दबकर रह जाएंगे।






