
सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम पंचायत मारोदरहा के आश्रित ग्राम खोखेपुर में मृत आदिवासी महिला के नाम पर फर्जी तरीके से राशन कार्ड चलाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता विदेशी सिदार ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि वर्तमान उपसरपंच दिनेश डनसेना और उनकी पत्नी अंजू डनसेना ने मृत महिला के राशन कार्ड में अपना नाम जुड़वाकर शासन से धोखाधड़ी करते हुए राशन आहरित किया है।
शिकायत के अनुसार, मृतिका दहरमती पति स्व. राजकुमार सिदार, जाति सावरा, निवासी ग्राम खोखेपुर का निधन 22 जून 2022 को हो चुका है, जबकि उनके पति का देहांत 19 मई 2020 को हुआ था। बावजूद इसके, राशन कार्ड नंबर 223862021310 का उपयोग करते हुए कार्ड में अंजू डनसेना और दिनेश डनसेना का नाम दर्ज करवा दिया गया।

विदेशी सिदार का कहना है कि मृतिका का राशन कार्ड आदिवासी वर्ग का था, जबकि अंजू डनसेना और दिनेश डनसेना पिछड़ा वर्ग से हैं। इस प्रकार न केवल जातिगत लाभ का दुरुपयोग हुआ है, बल्कि शासन को भी गुमराह कर धोखा दिया गया है।
शिकायत के साथ राशन कार्ड, मृत्यु प्रमाण पत्र, और राशन आबंटन की छायाप्रतियां भी संलग्न की गई हैं। मामले में कलेक्टर, अनुविभागीय दंडाधिकारी, खाद्य अधिकारी, पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी को प्रतिलिपि भेजकर जांच और उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों में भी इस मामले को लेकर नाराजगी है और लोग जल्द से जल्द दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर कब तक कार्रवाई करता है।






