कलेक्टर डॉ सिद्दीकी के नेतृत्व में राजस्व विभाग का कार्यशाला सम्पन्न

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 अप्रैल 2023/ कलेक्टर डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी के नेतृत्व में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग की दो दिवसीय कार्यशाला का आज समापन हुआ। कार्यशाला में अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्री अशोक तिवारी (सेवानिवृत) उपस्थित थे। श्री तिवारी ने वासिल बाकी नवीस के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए माँग की पंजियों के संधारण, बैंक में जमा की जाने वाली राशि एवं वसूली राशि, भू-राजस्व एवं विविध राजस्व, भू राजस्व संहिता की धारा-57 एवं धारा-59, बी-1, किस्तबंदी, आरबीसी की कंडिकाएं, जुर्माना एवं शास्तियाँ, विभागीय जाँच एवं कार्यवाही, नजूल संबंधी प्रकरण, स्थापना शाखा के अंतर्गत पदस्थापना पदोन्नति प्रक्रिया, डीपीसी बैठक, अधिकारियों कर्मचारियों के सेवा पुस्तिकाओं का संधारण, राजस्व न्यायालय की प्रक्रिया तथा राजस्व मुहर्रिर शाखा के कामकाज इन सभी विषयों पर अपना ब्याख्यान दिया। इसके साथ ही नक्शा बनाकर बंटाकन के बारे में विस्तृत जानकारी दिए। इसी प्रकार आमंत्रित तहसीलदार बेलतरा शशिभूषण सोनी ने छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता के संदर्भ में भुइयां पोर्टल में हुए सुधार के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, संयुक्त कलेक्टर भागवत जायसवाल, एसडीएम मोनिका वर्मा एवं डाॅ स्निग्धा तिवारी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।






