कानूनक्राइम

साल्हेओना धान खरीदी केंद्र में 99 लाख से ज्यादा का घोटाला, समिति प्रबंधक और कम्प्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़;- जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र साल्हेओना पंजीयन क्रमांक 245 में बड़े पैमाने पर धान खरीदी घोटाले का खुलासा हुआ है। मामले में सरिया पुलिस ने समिति प्रबंधक और कम्प्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों पर बिना धान आवक के फर्जी ऑनलाइन एंट्री कर शासन की राशि गबन करने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 मई 2026 को सहायक खाद्य अधिकारी बरमकेला विद्यानंद पटेल की लिखित शिकायत पर थाना सरिया में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 316(5), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान 15 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक साल्हेओना धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं।

मामले की जांच के लिए जिला कलेक्टर सारंगढ़ द्वारा विशेष जांच टीम गठित की गई थी। जांच टीम द्वारा 20 अप्रैल 2026 को केंद्र का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें 3140.80 क्विंटल धान तथा 2045 नग नए जूट बारदाने की कमी पाई गई। जांच में कुल 99 लाख 12 हजार 411 रुपये 35 पैसे की गड़बड़ी उजागर हुई।

जांच के दौरान सामने आया कि समिति प्रबंधक बंशीधर पटेल और कम्प्यूटर ऑपरेटर वासुदेव पटेल ने किसानों के नाम पर बिना धान आवक के फर्जी टोकन काटे, तौल प्रक्रिया दर्शाई और बायोमैट्रिक डिवाइस व आईरिश स्कैनर के माध्यम से ऑनलाइन धान खरीदी की फर्जी एंट्री कर शासन की राशि का गबन किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तौल पर्चियां, मोबाइल, दो कम्प्यूटर सिस्टम, बायोमैट्रिक डिवाइस और आईरिश स्कैनर जब्त किए हैं। साथ ही उपार्जन केंद्र से संबंधित दस्तावेज और रजिस्टर भी जब्त कर जांच में शामिल किए गए हैं।

मामले में आरोपी समिति प्रबंधक बंशीधर पटेल निवासी ग्राम कटंगपाली ‘अ’ थाना सरिया तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर वासुदेव पटेल निवासी बरमकेला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, मोहन गुप्ता, विजय यादव, आरक्षक लक्ष्मीनारायण पटेल, दिगम्बर पटेल तथा महिला आरक्षक सविता यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 1 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button