कानूनसरकारसामाजिकसुरक्षा

पुसौर में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे जिला पंचायत CEO, निर्माण कार्यों से लेकर स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

गुणवत्ता में लापरवाही पर जताई सख्ती, अधूरे कार्यों में तेजी लाने और कमियों को तत्काल सुधारने के दिए निर्देश; बच्चों से संवाद कर मध्यान्ह भोजन एवं पोषण आहार की गुणवत्ता भी परखी

रायगढ़/पुसौर, 28 नवंबर 2026। जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने प्रशासनिक अमला लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे ने जनपद पंचायत पुसौर की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर निर्माण कार्यों, विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति और निर्माण की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वीबी-जी राम जी के अंतर्गत संचालित कार्यों के साथ महतारी सदन निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। इस दौरान जहां निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई, वहीं कार्यों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

सीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरे किए जाएं तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी से बचने और जिम्मेदारी के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों से सीधे किया संवाद

निर्माण कार्यों के निरीक्षण के साथ सीईओ ने विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने बच्चों से सीधे बातचीत कर उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। मध्यान्ह भोजन एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छता, सुरक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

लापरवाही नहीं, जिम्मेदारी से करें काम

निरीक्षण के अंत में सीईओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने विकास कार्यों के साथ-साथ बच्चों को मिलने वाली शासकीय सुविधाओं की सतत निगरानी करने पर जोर दिया।

प्रशासन के इस निरीक्षण को ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गुणवत्ता और शिक्षा-पोषण व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना प्रभावी पालन सुनिश्चित हो पाता है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button