कानूनकिसानकृषिक्राइमसामाजिकसुरक्षा

सरकारी जमीन पर कब्जा कर चला रहे थे ढाबा, प्रशासन का चला बुलडोजर! धनीगांव में अतिक्रमण ध्वस्त, 400 किसानों की राह हुई आसान

3.38 एकड़ शासकीय भूमि को कराया गया कब्जामुक्त, 11 गांवों के किसानों को मिलेगा नया धान खरीदी केंद्र; तहसीलदार विवेक पटेल के नेतृत्व में राजस्व अमले की बड़ी कार्रवाई

बरमकेला/सुधीर चौहान। सरकारी जमीन पर कथित कब्जे के चलते सैकड़ों किसानों की सुविधा के लिए प्रस्तावित धान खरीदी केंद्र का रास्ता लंबे समय से अटका हुआ था। आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए धनीगांव में बुलडोजर चलवा दिया और शासकीय भूमि पर संचालित अवैध ढाबे के निर्माण को हटाकर जमीन कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की। शुक्रवार को तहसीलदार, राजस्व अमले और बरमकेला पुलिस की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र के 11 गांवों के करीब 400 किसानों को नवीन धान खरीदी केंद्र की सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

किसानों के हित में प्रशासन का बड़ा एक्शन, बुलडोजर से ढहाया अवैध निर्माण

मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धनीगांव का है। यहां नवीन धान खरीदी केंद्र स्थापित करने के लिए खसरा नंबर 53/1 की लगभग 3.38 एकड़ शासकीय भूमि प्रस्तावित की गई थी। लेकिन इस भूमि पर पूर्व सरपंच परिवार द्वारा कब्जा कर ढाबा संचालित किए जाने की शिकायत सामने आई थी। इसके चलते नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी।

मामला तहसील न्यायालय तक पहुंचा, जहां बेदखली का अंतिम आदेश जारी किया गया। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की तैयारी की और निर्धारित तिथि पर राजस्व अमले तथा पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को हटवा दिया। ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

25 नवंबर को वारंट, 27 नवंबर को जमीन से हटाया कब्जा

प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया के तहत तहसीलदार बरमकेला विवेक पटेल ने 25 नवंबर को बेदखली वारंट जारी किया था। साथ ही 27 नवंबर को कार्रवाई के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित तिथि पर राजस्व अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई की।

11 गांवों के 400 किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

इस कार्रवाई का सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों को मिलने की उम्मीद है। नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से तीन ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 11 गांवों के लगभग 400 किसानों को अपने नजदीकी क्षेत्र में ही धान बेचने की सुविधा मिल सकेगी। अब किसानों को दूसरे खरीदी केंद्रों तक धान ले जाने की परेशानी से राहत मिलने की संभावना है।

अब खरीदी केंद्र शुरू होने का इंतजार

शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटने के बाद नवीन धान खरीदी केंद्र स्थापित करने का रास्ता साफ हुआ है। हालांकि केंद्र के संचालन के लिए आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होना बाकी है। तहसीलदार विवेक पटेल ने बताया कि शुक्रवार को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध ढाबे को हटाया गया है। शासन-प्रशासन किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रहा है।

बहरहाल, धनीगांव में प्रशासन की इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक और शासकीय हितों से जुड़ी परियोजनाओं में बाधा बनने वाले अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब क्षेत्र के किसानों की निगाहें नवीन धान खरीदी केंद्र के जल्द संचालन पर टिकी हैं।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button