
कापू के गोदाम में मिला 70 बोरी धान, पटेलपाली में ट्रक से 550 बोरी पकड़ी गई; धान के अवैध भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की पैनी नजर
रायगढ़/सुधीर चौहान। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही जिले में अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। धान के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार मैदान में उतरकर जांच और कार्रवाई कर रही हैं। इसी अभियान के तहत 27 और 28 नवंबर को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 620 बोरी धान जब्त किया गया। जिले में अब तक 32 प्रकरणों में कुल 7,651 बोरी धान जब्त किया जा चुका है।

कापू में गोदाम पर दबिश, 70 बोरी धान जब्त
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत 27 नवंबर को धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कापू में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने राजू निराला के गोदाम की जांच की। जांच के दौरान गोदाम में अवैध रूप से भंडारित 70 बोरी धान मिला, जिसका कुल वजन 28 क्विंटल बताया गया है। टीम ने मौके पर ही धान जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की।
पटेलपाली में ट्रक से हो रहा था धान का परिवहन, 550 बोरी पकड़ी गई
वहीं, 28 नवंबर को रायगढ़ तहसील के ग्राम पटेलपाली में ट्रक के माध्यम से धान के अवैध परिवहन का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और ट्रक की जांच की। इस दौरान ट्रक में 550 बोरी धान का अवैध परिवहन किए जाने की जानकारी सामने आई। टीम ने तत्काल धान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
32 प्रकरणों में 7,651 बोरी जब्ती, लगातार बढ़ रही कार्रवाई
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 नवंबर तक जिले में अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध 31 प्रकरणों में 7,101 बोरी धान जब्त किया गया था, जिसका कुल वजन 2,840.40 क्विंटल था। इसके बाद 28 नवंबर को पटेलपाली में 550 बोरी धान की अतिरिक्त जब्ती के साथ कुल प्रकरणों की संख्या बढ़कर 32 और जब्त धान की मात्रा 7,651 बोरी हो गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर लगातार निगरानी, अवैध कारोबारियों में हड़कंप
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी केंद्रों के अलावा गोदामों और परिवहन मार्गों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच अभियान चला रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखना और बिचौलियों के माध्यम से होने वाले अवैध भंडारण, परिवहन एवं खरीदी-बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे में जिले में धान के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ना तय माना जा रहा है।






