कानूनकार्यक्रमपत्रकारसामाजिकसुरक्षा

पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर जिला प्रेस क्लब का आर-पार का ऐलान,विद्यावती सिदार के कार्यक्रमों का होगा बहिष्कार!

लिखित माफीनामे पर अड़ा प्रेस क्लब, भाजपा जिला सह प्रभारी से पत्रकारों के समक्ष माफी की मांग; प्रदेश संगठन को भी भेजा गया ज्ञापन

सारंगढ़। भाजपा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ चुका है। मामले को लेकर जिला प्रेस क्लब ने सख्त रुख अपनाते हुए भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार से सार्वजनिक रूप से लिखित माफीनामा देने की मांग की है। प्रेस क्लब ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक माफीनामा नहीं दिया जाता, तब तक विद्यावती सिदार की मौजूदगी वाले जिले के राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा।

दरअसल, 9 नवंबर को सारंगढ़ के अग्रसेन भवन में आयोजित भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। इसी घटनाक्रम की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार जब वीडियो बना रहे थे, तभी उनके मोबाइल फोन बंद कराने और छीनने की कोशिश किए जाने का आरोप सामने आया। पत्रकारों का आरोप है कि जिला भाजपा सह प्रभारी विद्यावती सिदार के कहने पर कुछ लोगों ने कवरेज रोकने और मोबाइल बंद कराने का प्रयास किया।

घटना के बाद पत्रकारों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। जिला प्रेस क्लब ने इस पूरे मामले को पत्रकारिता की स्वतंत्रता, सम्मान और पेशेगत अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

इसी कड़ी में प्रेस क्लब ने भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल के साथ-साथ प्रदेश संगठन महामंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी से अवगत कराया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि विद्यावती सिदार पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के समक्ष लिखित माफीनामा प्रस्तुत करें। क्लब की बैठक में घटना की निंदा करते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया है कि माफीनामा मिलने तक उनके शामिल होने वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार जारी रहेगा।

प्रदेश संगठन तक पहुंचा मामला

प्रेस क्लब ने मामले को केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा एवं भाजपा संगठन मंत्री को भी भेजी है। क्लब ने भाजपा संगठन से पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए उचित संगठनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

अब भाजपा संगठन के रुख पर टिकी निगाहें

इस घटनाक्रम ने जिले की राजनीति और पत्रकारिता जगत में नई बहस छेड़ दी है। अब बड़ा सवाल यह है कि पत्रकारों के सम्मान से जुड़े इस मामले में भाजपा संगठन क्या कदम उठाता है? क्या जिला प्रेस क्लब की मांग पर लिखित माफीनामा सामने आएगा या यह विवाद आने वाले दिनों में और गहराएगा? फिलहाल प्रेस क्लब के कड़े रुख से साफ है कि पत्रकार इस मामले में पीछे हटने के मूड में नहीं हैं।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button