
हर महीने मिलने वाले एक हजार रुपये से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल, बच्चों की खुशियों और घरेलू जरूरतों में कर रहीं खर्च
रायगढ़, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का मजबूत माध्यम बनकर उभर रही है। योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि से महिलाएं अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी आर्थिक सहयोग कर रही हैं। रायगढ़ जिले के ग्राम ननसिया की रहने वाली सीमा चौहान के जीवन में भी यह योजना खुशियों और राहत का जरिया बनी है।
सीमा चौहान ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने खाते में आने वाली राशि से घर के जरूरी सामान और बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी मदद मिलती है। इस आर्थिक सहयोग से परिवार की कई छोटी-छोटी जरूरतें आसानी से पूरी हो जाती हैं। उन्होंने बताया कि दीपावली त्योहार से पहले खाते में मिली सहायता राशि से उन्होंने घर की पुताई कराई तथा बच्चों के लिए मिठाइयां और पूजा सामग्री खरीदी। इससे त्योहार की तैयारियां करना आसान हुआ और परिवार में खुशियों का माहौल बना।
सीमा चौहान ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित कर रही है। उनके लिए यह योजना महज आर्थिक मदद नहीं, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियों में भागीदारी निभाने और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का माध्यम बन गई है।
आर्थिक सहयोग से महिलाओं में बढ़ रहा आत्मविश्वास
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें अपनी आवश्यकताओं के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में सहयोग देना है।
नियमित रूप से मिलने वाली राशि से महिलाएं घरेलू जरूरतों, बच्चों की आवश्यकताओं और दैनिक खर्चों को पूरा करने में योगदान दे रही हैं। साथ ही वे अपनी छोटी-छोटी आर्थिक जरूरतों और निर्णयों को स्वयं पूरा करने में सक्षम हो रही हैं। योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हो रही है।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से राज्य शासन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रयासरत है। सीमा चौहान जैसी हितग्राही महिलाओं के अनुभव बताते हैं कि नियमित आर्थिक सहायता परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ त्योहारों की खुशियों को भी बढ़ाने में मददगार साबित हो रही है।






