18 वर्षीय बेटी अर्चना प्रधान ने किया 7 करोड़ 12 लाख की सड़क का भूमिपूजन, ओपी चौधरी की पहल की हो रही सराहना

बोरीदा से ठेंगागुड़ी सड़क निर्माण की हुई शुरुआत, बाढ़ के दौरान अर्चना ने उठाई थी सड़क बनवाने की मांग
ठेंगागुड़ी। जनसमस्याओं को आवाज देने वाली गांव की बेटी को जब विकास कार्य की शुरुआत का सम्मान मिला, तो यह पल पूरे क्षेत्र के लिए खास बन गया। बोरीदा से ठेंगागुड़ी तक 7 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का भूमिपूजन 18 वर्षीय अर्चना प्रधान के हाथों संपन्न हुआ। इस पहल को महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी की अनूठी मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल, बाढ़ के दौरान ग्राम ठेंगागुड़ी की बेटी अर्चना प्रधान ने सड़क की समस्या को लेकर ओपी चौधरी के समक्ष अपनी मांग रखी थी। उन्होंने गांव की परेशानी को समझते हुए सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाई और यह निर्णय लिया कि जिस बेटी ने अपने गांव के विकास के लिए आवाज उठाई है, उसी के हाथों निर्माण कार्य का भूमिपूजन कराया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में अर्चना प्रधान की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया। महज 18 वर्ष की उम्र में अपने गांव की समस्या को उठाने वाली अर्चना को मिला यह सम्मान दूसरी बेटियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
बोरीदा से ठेंगागुड़ी तक बनने वाली यह सड़क ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ क्षेत्र के विकास को नई गति देगी। विशेषकर बारिश और बाढ़ के समय ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
यह पहल बताती है कि विकास केवल योजनाओं और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जनता की भागीदारी और उनकी आवाज को सम्मान देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। गांव की बेटी के हाथों विकास कार्य की शुरुआत ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।






