कृषिकिसानव्यापारसरकारसामाजिकसुरक्षा

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, रायगढ़ जिले के 112 केंद्रों में प्रशासन ने पूरी की तैयारी

84,103 पंजीकृत किसानों से होगी समर्थन मूल्य पर खरीदी, अवैध धान की आवक रोकने 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 24 घंटे पहरा

तुंहर टोकन एप से घर बैठे मिलेगा टोकन, कोचियों और बिचौलियों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर

रायगढ़, 11 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत रायगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 112 धान उपार्जन केंद्रों में 84 हजार 103 पंजीकृत किसानों से उनके पंजीकृत रकबे के अनुसार धान खरीदा जाएगा। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के साथ अवैध धान की आवक रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है।

112 केंद्रों में नोडल अधिकारियों की तैनाती

धान खरीदी के बेहतर संचालन के लिए सभी 112 उपार्जन केंद्रों में जिला एवं केंद्र स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। वहीं जिला स्तरीय निगरानी समिति गठित करने के साथ जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल तैनात किए गए हैं। ये दल खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर अनियमितताओं पर नजर रखेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

20 चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी

सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान लाकर खरीदी केंद्रों में खपाने की आशंका को देखते हुए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां तहसीलदारों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। राजस्व, खाद्य, मंडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तीन पालियों में चार टीमों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी करेंगे। वाहनों की जांच के दौरान अवैध परिवहन पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इलेक्ट्रॉनिक कांटे से होगी धान की तौल

उपार्जन केंद्रों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही धान की खरीदी होगी। किसानों को साफ-सुथरा और पर्याप्त सूखा धान लाने के निर्देश दिए गए हैं। धान की तौल इलेक्ट्रॉनिक कांटों से होगी तथा नमी की जांच के लिए आर्द्रतामापी यंत्रों का उपयोग किया जाएगा। भंडारण और धान उठाव की व्यवस्था के लिए भी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। प्रत्येक शनिवार को धान के स्टेक और बारदानों का सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक खरीदी केंद्र का कम से कम दो बार भौतिक सत्यापन होगा।

तुंहर टोकन एप से घर बैठे मिलेगा टोकन

किसानों की सुविधा के लिए तुंहर टोकन मोबाइल एप के माध्यम से 24 घंटे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा दी गई है। इससे किसानों को टोकन के लिए समितियों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। किसान अपनी सुविधानुसार मोबाइल एप से टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा सोसायटी संचालकों के माध्यम से भी टोकन जारी किए जाएंगे।

जिला प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी के दौरान वास्तविक किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं कोचियों-बिचौलियों और अवैध धान परिवहन पर विशेष नजर रखी जाएगी। अब 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी पर जिले के हजारों किसानों की निगाहें टिकी हैं।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button