
एबीईओ अनिल साहू बोले– एनएसएस युवाओं को सिखाती है जीवन जीने की कला और निस्वार्थ सेवा की भावना, 50 शिविरार्थियों ने ग्रामीणों को किया जागरूक
रायगढ़। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ के रासेयो प्रकोष्ठ के दिशा-निर्देशानुसार जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, धनुहारडेरा रायगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम महापल्ली में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन विविध जागरूकता गतिविधियों के साथ हुआ। 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित इस शिविर की थीम ‘नशा एवं टीबी मुक्त युवा’ रही। शिविर में महाविद्यालय के 50 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता करते हुए ग्रामीणों को नशामुक्ति, टीबी जागरूकता और स्वच्छता का संदेश दिया।
महाविद्यालय के चेयरमैन शिरीष सारडा एवं डायरेक्टर तृप्ति अग्रवाल के संरक्षण तथा प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मयंक शीतल डनसेना के नेतृत्व में शिविर का आयोजन किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एबीईओ रायगढ़ अनिल साहू तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत महापल्ली की सरपंच तपस्विनी किसान ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य सुकलाल चौहान, ब्रजेश गुप्ता, टीकाराम प्रधान, विजय यादव, अशोक निषाद, भारती गुप्ता, अनंत राम चौहान, वरिष्ठ पत्रकार शेषचरण गुप्ता एवं सेवानिवृत्त शिक्षक जीवनलाल मेहर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन तथा राज्यगीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मयंक शीतल डनसेना ने सात दिवसीय शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शिविर के दौरान आयोजित रैली, पोस्टर, बैनर, स्वच्छता अभियान और विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी।
शिविरार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सात दिनों तक अनुशासित दिनचर्या के साथ उन्होंने गांव के घर-घर पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने तथा टीबी के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। इस दौरान ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिला। शिविरार्थियों ने कहा कि इस शिविर ने उन्हें किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर समाज के बीच काम करने और सेवा का वास्तविक महत्व समझने का अवसर दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार शेषचरण गुप्ता ने शिविरार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने दो दिनों तक शिविर की गतिविधियों का अवलोकन किया। युवाओं द्वारा नशे के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक करने की पहल प्रशंसनीय है। वहीं सरपंच तपस्विनी किसान ने कहा कि कॉलेज की टीम ने गांव के हर घर तक पहुंचकर नशामुक्ति और टीबी मुक्त समाज का संदेश दिया। उन्होंने महापल्ली में शिविर आयोजित करने के लिए महाविद्यालय प्रबंधन और सभी शिविरार्थियों का आभार जताया।
मुख्य अतिथि एबीईओ अनिल साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद का विचार ‘मानव सेवा ही प्रभु सेवा’ हमें समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराता है। एनएसएस विद्यार्थियों को किताबों की दुनिया से बाहर निकलकर समाज को समझने, लोगों से जुड़ने और व्यक्तित्व विकास का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मानव सेवा और निस्वार्थ भावना सबसे महत्वपूर्ण है। दूसरों के कल्याण से मिलने वाला सुकून किसी अन्य उपलब्धि से नहीं मिल सकता। वास्तव में एनएसएस जीवन जीने की कला एवं निस्वार्थ सेवा की भावना सिखाता है। उन्होंने सभी शिविरार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर डॉ. के.के. गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी रासेयो बटमूल आश्रम महाविद्यालय महापल्ली ने एनएसएस की गतिविधियों एवं प्रमाण पत्र के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. विक्रांत गुप्ता ने युवाओं की ऊर्जा और राष्ट्रसेवा में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए एनएसएस के प्रतीक चिह्न के आठ तीलियों का महत्व समझाया।
समापन समारोह में ग्राम पंचायत महापल्ली की ओर से महाविद्यालय के प्राचार्य, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक कार्यक्रम अधिकारियों एवं शिविरार्थियों को पेन और डायरी देकर सम्मानित किया गया। वहीं जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की ओर से शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सरपंच, उपसरपंच, शाला विकास समिति, प्राथमिक शाला की प्रधान पाठिका, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनोरा की चिकित्सकीय टीम, बटमूल आश्रम महाविद्यालय तथा टेंट, लाइट एवं साउंड व्यवस्था में सहयोग देने वाले आकाश गुप्ता को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि अनिल साहू, सरपंच तपस्विनी किसान एवं जनपद सदस्य सुकलाल चौहान के हाथों सभी शिविरार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन एवं मंच संचालन प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी ने किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के पंचगण, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं, ग्रामीणजन, शासकीय प्राथमिक शाला महापल्ली के शिक्षकगण, बटमूल आश्रम महाविद्यालय के स्टाफ तथा जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन के सहायक कार्यक्रम अधिकारी प्रो. हरीश गुप्ता, प्रो. ज्योति पटेल सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।






