
रायगढ़। जिले की राजनीति में 12 नवंबर की देर शाम एक अहम घटनाक्रम सामने आया। रायगढ़ के प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं पूर्व पुलिस निरीक्षक रामचंद्र शर्मा ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल की मौजूदगी में नंदेली हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ शहर अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में उनका कांग्रेस परिवार में स्वागत किया गया। इससे पहले रायगढ़ कांग्रेस भवन में उनकी प्राथमिक सदस्यता की प्रक्रिया पूरी की गई।
रामचंद्र शर्मा के सक्रिय राजनीति में आने को लेकर पिछले कई दिनों से शहर में चर्चाओं का दौर चल रहा था। उनके कांग्रेस प्रवेश के साथ ही इन अटकलों पर विराम लग गया। शिक्षा, खेल, पत्रकारिता और सामाजिक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय रामचंद्र शर्मा की राजनीतिक पारी की शुरुआत को जिले के राजनीतिक गलियारों में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में रही है सक्रिय पहचान
रामचंद्र शर्मा पूर्व पुलिस निरीक्षक के रूप में प्रशासनिक अनुभव रखने के साथ-साथ शिक्षाविद् और समाजसेवी के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं। विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। ऐसे में उनका कांग्रेस से जुड़ना स्थानीय संगठन के लिए एक नया घटनाक्रम है।
नगेंद्र नेगी और शाखा यादव के नेतृत्व में हुआ स्वागत
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में हुए इस पार्टी प्रवेश के दौरान रामचंद्र शर्मा का कांग्रेस परिवार में स्वागत किया गया। अब राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में यह चर्चा है कि उनके अनुभव और जनसंपर्क का स्थानीय कांग्रेस संगठन में किस तरह उपयोग होगा।
रामचंद्र शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने से रायगढ़ जिले की राजनीति में एक नई चर्चा शुरू हो गई है। आने वाले समय में उनकी राजनीतिक सक्रियता पर सभी की नजरें रहेंगी।






