किसानकृषिछत्तीसगढ़व्यापारसरकार

अब घर बैठे बनेगा धान बिक्री का टोकन, ‘तुंहर टोकन’ ऐप से आसान होगी खरीदी की प्रक्रिया

2 एकड़ तक के किसानों को एक, 10 एकड़ तक दो और इससे अधिक रकबे वालों को मिलेंगे अधिकतम तीन टोकन, 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को आसान, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए राज्य शासन ने ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की शुरुआत की है। अब किसानों को धान बेचने के लिए टोकन बनवाने के लिए समिति के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। किसान घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर सकेंगे। शासन ने टोकन जारी करने से लेकर धान की मात्रा और खरीदी की तारीख निर्धारित करने तक के लिए स्पष्ट नियम तय किए हैं।

जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसे देखते हुए कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों को टोकन व्यवस्था के नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा किसानों को ऐप के उपयोग और टोकन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

रकबे के हिसाब से मिलेंगे अधिकतम तीन टोकन

शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार किसानों के पंजीकृत रकबे के आधार पर टोकन की अधिकतम संख्या निर्धारित की गई है। इसके तहत दो एकड़ तक रकबा रखने वाले सीमांत किसानों को अधिकतम एक टोकन, दो एकड़ से अधिक और दस एकड़ तक रकबा रखने वाले लघु किसानों को अधिकतम दो टोकन तथा दस एकड़ से अधिक रकबा रखने वाले किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी किए जा सकेंगे। सभी टोकनों में दर्ज धान की कुल मात्रा किसान की पात्र खरीदी मात्रा से अधिक नहीं होनी चाहिए।

सोमवार से शुक्रवार तक 24 घंटे मिलेगी सुविधा

‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से सोमवार से शुक्रवार तक 24 घंटे टोकन बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हालांकि, शनिवार, रविवार और घोषित शासकीय अवकाश के दिन धान तौल की तारीख नहीं चुनी जा सकेगी। टोकन में उसी दिन की तौल तारीख दर्ज करने की अनुमति भी नहीं होगी।

बैंक खाता सत्यापन जरूरी, एक दिन में दो से अधिक टोकन नहीं

टोकन जारी करने के लिए किसान का बैंक खाता सत्यापित होना अनिवार्य है। जिन किसानों के बैंक खाते सत्यापित नहीं होंगे, उन्हें टोकन जारी नहीं किया जाएगा। वहीं एक किसान के नाम पर एक ही दिन में दो से अधिक टोकन जारी नहीं किए जा सकेंगे। धान की मात्रा दर्ज करते समय प्रति बोरा अनुमानित 0.40 क्विंटल के मान से प्रविष्टि करना भी जरूरी होगा।

टोकन में बदलाव समिति के माध्यम से होगा

पहले से जारी टोकन में किसी प्रकार का संशोधन या उसे निरस्त कराने की कार्रवाई संबंधित समिति के माध्यम से की जाएगी। निरस्त टोकन को छोड़कर बाकी टोकनों में दर्ज धान की मात्रा के आधार पर ही किसान की शेष पात्र खरीदी मात्रा की गणना की जाएगी। टोकन के लिए आवेदन खरीदी अवधि के दौरान किया जा सकेगा और यह सुविधा धान खरीदी के अंतिम दिन तक उपलब्ध रहेगी।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसानों को टोकन व्यवस्था की पूरी जानकारी सरल भाषा में दी जाए। धान खरीदी केंद्रों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ छोटे किसानों को प्राथमिकता और पात्र किसानों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे टोकन बनाते समय अपने पंजीकृत रकबे, बैंक खाते के सत्यापन और धान की पात्र खरीदी मात्रा का विशेष ध्यान रखें, ताकि खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button