किसानकृषिव्यापारसरकारसामाजिक

15 नवंबर से 95 केंद्रों में शुरू होगी धान खरीदी, किसान साफ और सूखा धान लेकर ही पहुंचें उपार्जन केंद्र

धान में 17 प्रतिशत से अधिक नमी मिलने पर गुणवत्ता मानकों के तहत होगी जांच, किसानों को मिलेगा 3,100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य

सारंगढ़-बिलाईगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में धान खरीदी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आगामी 15 नवंबर से जिले के 95 उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी शुरू होगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे उपार्जन केंद्रों में साफ, अच्छी तरह सूखा और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप धान लेकर पहुंचें, ताकि खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिले में विकासखंडवार धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था की गई है। इसके तहत सारंगढ़ विकासखंड में 30, बरमकेला में 27 और बिलाईगढ़ विकासखंड में 38 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीदा जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने धान की गुणवत्ता और तौल को लेकर स्पष्ट मानक निर्धारित किए हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने किसानों से इन मानकों का पालन करने की अपील की है।

धान में 17 प्रतिशत से अधिक न हो नमी

विभागीय निर्देशों के अनुसार धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित की गई है। इसके अलावा धान में अकार्बनिक और कार्बनिक विजातीय पदार्थों की मात्रा अधिकतम एक-एक प्रतिशत होनी चाहिए। अपरिपक्व, सिकुड़े और छोटे दानों की सीमा तीन प्रतिशत तथा निम्न श्रेणी के धान के मिश्रण की अधिकतम सीमा छह प्रतिशत निर्धारित की गई है। वहीं क्षतिग्रस्त, अंकुरित और चुने हुए दानों की मात्रा चार प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए।

3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी

इस खरीफ विपणन वर्ष में किसानों से धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। खरीदी केंद्रों में तौल के दौरान प्रति बोरा धान की मात्रा 40 किलोग्राम निर्धारित है। नए जूट बारदाने का वजन 545 ग्राम से 626 ग्राम तक तय किया गया है।

खरीदी केंद्र पहुंचने से पहले किसान रखें इन बातों का ध्यान

प्रशासन ने किसानों से आग्रह किया है कि धान को उपार्जन केंद्र लाने से पहले अच्छी तरह सुखा लें और उसमें मौजूद मिट्टी, कचरा, भूसा तथा अन्य अवांछित पदार्थों को साफ कर लें। तौल के दौरान धान की निर्धारित मात्रा और बारदाने के वजन पर भी विशेष ध्यान दें।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा है कि निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप धान लेकर आने से खरीदी प्रक्रिया सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न होगी। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और खरीदी व्यवस्था का लाभ सभी पात्र किसानों को मिल सके।

15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर जिले के किसानों में तैयारियां तेज हो गई हैं। अब प्रशासन की नजर खरीदी केंद्रों में बेहतर व्यवस्था और निर्धारित मानकों के पालन पर रहेगी।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button