
पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, उनके सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से समझौता बर्दाश्त नहीं – बिनोद भारद्वाज
सारंगढ़। सारंगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और अपमानजनक व्यवहार का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस मामले में कांग्रेस नेता बिनोद भारद्वाज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यक्रम में पत्रकार साथियों के साथ हुआ कथित दुर्व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।
बिनोद भारद्वाज ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। वे दिन-रात मेहनत कर आम जनता की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और लोगों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। पत्रकारों का सवाल पूछना न केवल उनका अधिकार है, बल्कि लोकतंत्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी है। ऐसे में सवाल पूछने पर पत्रकारों को अपमानित करना या उनके साथ दुर्व्यवहार करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या संगठन को पत्रकारों के सवालों से असहज होकर उनके साथ अपमानजनक व्यवहार करने का अधिकार नहीं है। सत्ता और संगठन से सवाल पूछना पत्रकारिता का धर्म है और सवालों का जवाब सम्मानजनक तरीके से दिया जाना चाहिए।
भारद्वाज ने जिला प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
अंत में बिनोद भारद्वाज ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा पत्रकार साथियों के सम्मान, निष्पक्ष पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पक्ष में खड़ी रही है और आगे भी पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।





