कानूनसम्मेलनसरकारसामाजिकसुरक्षास्वास्थ्य

वीवीआईपी स्वागत के लिए करोड़ों का तामझाम, लेकिन आम जनता की कॉलेज रोड गड्ढों में क्यों?

15 नवंबर के जनजातीय गौरव दिवस आयोजन से पहले धरमजयगढ़ में सियासी घमासान, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संतोष प्रधान ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर साधा निशाना

धरमजयगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम से पहले क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी सहित कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की चर्चा के बीच नगर पंचायत की कॉलेज वाली मुख्य सड़क की बदहाली अब राजनीतिक मुद्दा बन गई है। वर्षों से गड्ढों में तब्दील इस सड़क को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

धरमजयगढ़ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संतोष प्रधान ने आयोजन की भव्य तैयारियों और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनजातीय गौरव दिवस के नाम पर भारी-भरकम राशि खर्च कर भव्य मंच, टेंट और वीवीआईपी स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं, जबकि क्षेत्र की पिछड़ी जनजातियों के वास्तविक उत्थान, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर उतना ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

आम जनता की सड़क पर वर्षों से अनदेखी, अब वीवीआईपी दौरे से जागा प्रशासन!

संतोष प्रधान ने कहा कि कॉलेज रोड से प्रतिदिन छात्र-छात्राएं और आम नागरिक आवागमन करते हैं। लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद जिम्मेदारों ने इसकी सुध नहीं ली। अब जब प्रदेश स्तर के बड़े नेताओं का काफिला धरमजयगढ़ पहुंचने वाला है, तब अचानक सड़क निर्माण और सुधार की कवायद शुरू हो गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सड़कें केवल वीवीआईपी के स्वागत के लिए बनाई जाएंगी या आम जनता को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी?

आयोजन पर खर्च से ज्यादा जरूरी जनजातीय समाज का वास्तविक विकास

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार और संगठन को आदिवासी एवं पिछड़ी जनजातियों के उत्थान की वास्तविक चिंता है तो आयोजन की भव्यता पर खर्च होने वाली राशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में किया जाना चाहिए। इससे समाज के जरूरतमंद वर्गों को वास्तविक लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं को लंबे समय तक नजरअंदाज किया जाता है, लेकिन बड़े नेताओं के आगमन पर अचानक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की याद आ जाती है। यह विकास की नहीं, बल्कि दिखावे की राजनीति है।

15 नवंबर के बाद भी सड़क की सुध ली जाएगी या फिर वही पुरानी तस्वीर?

विपक्ष का आरोप है कि एक ओर प्रदेश स्तरीय आयोजन को भव्य बनाने में करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम जनता की रोजमर्रा की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में कॉलेज रोड की बदहाली और आयोजन की तैयारियों ने धरमजयगढ़ में राजनीतिक बहस तेज कर दी है।

अब सवाल यह है कि क्या 15 नवंबर के आयोजन के बाद भी कॉलेज रोड की नियमित मरम्मत और रखरखाव जारी रहेगा, या वीवीआईपी काफिला गुजरने के बाद एक बार फिर आम जनता को गड्ढों भरी सड़क पर सफर करने के लिए छोड़ दिया जाएगा? फिलहाल कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा और प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button