कानूनशिक्षासम्मानसम्मेलनसामाजिक

शौर्य दिवस समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने शहीद परिवारों का किया सम्मान, युवाओं से राष्ट्रसेवा के आदर्श अपनाने की अपील

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका शुक्रवार शाम रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शामिल हुए। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शहीद परिवारों का सम्मान कर उनके त्याग और समर्पण को नमन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए वीर जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। एक सैनिक के बलिदान में उसके पूरे परिवार का त्याग भी शामिल होता है। इसलिए शहीद परिवारों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके सुख-दुख में सहभागी बनना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों और कठिन चुनौतियों के बीच जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। अनेक वीर जवानों ने प्रदेश और देश की शांति एवं सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना और राष्ट्र के विकास में योगदान देना भी सच्ची देशभक्ति है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमांडेंट अजय सिंह बिसेन, श्री सुभाष त्रिपाठी, श्रीमती आशा त्रिपाठी, श्री राहुल शुक्ला, श्री राजेश पटनायक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को राज्यपाल ने दी प्रोत्साहन राशि

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय सेना में शामिल होने का लक्ष्य रखने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इसमें सैनिक स्कूल में अध्ययनरत अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार एवं सृष्टि राठिया शामिल रहे। इसके अलावा कक्षा 9वीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल और अर्नव गुप्ता को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।

इसी क्रम में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि तथा भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के आर. बालाजी को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

राज्यपाल ने सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट को इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई देते हुए सभी से शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने और सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button