कानूनपर्यावरणप्रदूषणशिक्षासरकारसामाजिकसुरक्षास्वास्थ्य

बड़े नवापारा में स्वच्छता की अलख, घर-घर कचरा संग्रहण के लिए स्वच्छाग्रहियों को मिला गार्बेज रिक्शा

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों ने स्वच्छता रैली निकालकर दिया स्वच्छ गांव का संदेश

सारंगढ़-बिलाईगढ़। गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से विकासखंड बरमकेला के ग्राम पंचायत बड़े नवापारा में जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) स्थिति को बनाए रखने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी ने चयनित स्वच्छाग्रहियों को घर-घर कचरा संग्रहण के लिए गार्बेज रिक्शा प्रदान किया। इससे ग्राम पंचायत में नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ गांव में स्वच्छता अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है। स्वच्छाग्रहियों के माध्यम से अब घर-घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने और ग्रामीणों को कचरे के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद जागरूकता रैली निकालकर गांव में स्वच्छता का संदेश दिया गया। रैली में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने ग्रामीणों को घरेलू एवं सामुदायिक कचरे को स्रोत पर ही चार निर्धारित श्रेणियों में अलग-अलग रखने, नियमित कचरा संग्रहण और उसके उचित प्रसंस्करण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कचरे का सही तरीके से पृथक्करण और नियमित संग्रहण ही स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत नींव है। प्रत्येक परिवार की सहभागिता से ही गांव को कचरा मुक्त बनाया जा सकता है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे घरों का कचरा इधर-उधर न फेंकें, गीले और सूखे सहित निर्धारित श्रेणियों में कचरे को अलग रखें तथा घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था में स्वच्छाग्रहियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संजू पटेल, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) श्री निमिष कुमार साव, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव, शिक्षकगण, स्वच्छाग्रही समूह के सदस्य, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button