
बीच बस्ती में लोगों को दे रहा था गाली-गलौज और धमकी, सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
रायगढ़। जिले में असामाजिक तत्वों और सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सराईपाली में खुलेआम तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार भी जब्त की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली कि ग्राम सराईपाली की बीच बस्ती में दिलीप सिदार नामक युवक हाथ में धारदार तलवार लेकर खुलेआम लहरा रहा है और आम लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल उप निरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने गांव में पतासाजी करते हुए तालाब के पास तलवार लहराते युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप सिंह सिदार (32 वर्ष), पिता ईश्वर प्रसाद, निवासी ग्राम सराईपाली, थाना पूंजीपथरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जेल दाखिल करा दिया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की तथा आरक्षक नरेंद्र पैंकरा, विक्रांत भगत एवं सुरेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर भय और दहशत का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।






