कानूनक्राइमसामाजिकसुरक्षा

पटाखे फोड़ने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर युवक से मारपीट कर किया अपहरण, एक आरोपी गिरफ्तार

दीपावली की रात शुरू हुआ था विवाद, अगले दिन सुबह घर में घुसकर युवक को पीटा और कार में बैठाकर ले गए थे आरोपी; घटना का वीडियो बनाने वाला दीप अग्रवाल भी गिरफ्तार

रायगढ़। दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अगले दिन हिंसक घटना में बदल गया। रायगढ़ में एक युवक के घर में घुसकर मारपीट करने, जबरन कार में बैठाकर ले जाने और रास्ते में दोबारा पिटाई करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मारपीट में शामिल होने के साथ घटना का वीडियो बनाने का भी आरोप है। पुलिस ने वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। वहीं मामले के तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

पटाखे फोड़ने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हण्डी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल ने 9 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश के साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए।

सुबह घर में घुसकर की मारपीट, जबरन कार में बैठाकर ले गए

आरोप है कि 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे जब निमिश अपने घर में सो रहा था, तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर पटाखे फोड़ने की बात को लेकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद आरोपी उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास सड़क पर ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। शिकायत के मुताबिक, इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। बाद में आरोपी युवक को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।

वीडियो बनाने वाला दीप अग्रवाल गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3) एवं 3(5) में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

विवेचना के दौरान 12 नवंबर को पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल (26 वर्ष), पिता रविन्द्र अग्रवाल, निवासी विकास नगर गली नंबर-03, कोतरारोड़ रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद घटना का वीडियो बनाने में प्रयुक्त ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।

तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

इस मामले में फरार आरोपी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला की तलाश जारी है। नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल उइके के सतत पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी कोतवाली अजय नागवंशी, निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो जगत सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि मारपीट और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button