
समुदाय की भागीदारी से मजबूत होगी स्वास्थ्य व्यवस्था, फंड के सही उपयोग और रिकॉर्ड संधारण की दी गई जानकारी
लेंधरा। उपस्वास्थ्य केंद्र लेंधरा एवं उच्चभिठी में जन आरोग्य समिति के सदस्यों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना तथा सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जन आरोग्य समिति में स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े सेवा प्रदाता, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह, एनजीओ, वरिष्ठ नागरिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने वाले समुदाय के सदस्यों को शामिल किया जाता है, ताकि स्वास्थ्य केंद्र के संचालन और विकास में सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में समिति के कार्यों एवं जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उपलब्ध फंड का उचित उपयोग, आय-व्यय का रिकॉर्ड संधारण, पारदर्शिता एवं स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रत्येक छह माह में आरोग्य सभा आयोजित कर समुदाय के लोगों से चर्चा करने और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में स्वास्थ्य केंद्रों में प्रदान की जाने वाली 12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही समिति के सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में सामुदायिक सहयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन, सरपंच, शिक्षक सहित अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षणकर्ता के रूप में मितानिन कार्यक्रम से गीता चौहान एवं सुनीता टंडन उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जन आरोग्य समिति की सक्रियता और समुदाय की सहभागिता से ही उपस्वास्थ्य केंद्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जा सकता है।






