
5 साल से भड़ीसार उपार्जन केंद्र में धान बेच रहे थे किसान, अब पोर्टल पर केडार केंद्र दिखने से बढ़ी मुश्किलें
किसानों ने कलेक्टर को सौंपा आवेदन, पुराने उपार्जन केंद्र भड़ीसार में ही धान बेचने की व्यवस्था करने की मांग
सारंगढ़-बिलाईगढ़/सुधीर चौहान। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही किसानों की परेशानियां सामने आने लगी हैं। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सुवरगुड़ा गांव के सैकड़ों किसान धान खरीदी केंद्र में बदलाव को लेकर असमंजस और परेशानी में हैं। किसानों का आरोप है कि वे पिछले पांच साल से अधिक समय से भड़ीसार उपार्जन केंद्र में धान बेचते आ रहे हैं, लेकिन इस बार ऑनलाइन टोकन काटने के लिए पोर्टल खोलने पर उनका नाम भड़ीसार केंद्र में दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बजाय गांव के किसानों का नाम केडार उपार्जन केंद्र में दर्ज दिखाई दे रहा है।
पोर्टल खुलते ही किसानों को लगा झटका
प्रभावित किसानों के मुताबिक, इस बार धान बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन काटने की प्रक्रिया शुरू करने पर उन्हें पता चला कि उनका उपार्जन केंद्र बदल दिया गया है। अचानक हुए इस बदलाव से किसान परेशान हैं और समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर बिना किसी स्पष्ट जानकारी के उनका धान खरीदी केंद्र कैसे बदल गया।
किसानों का कहना है कि गांव के सैकड़ों किसानों के नाम अब केडार उपार्जन केंद्र में प्रदर्शित हो रहे हैं। वहीं हैरानी की बात यह भी बताई जा रही है कि कुछ किसानों ने कुछ दिन पहले ही भड़ीसार उपार्जन केंद्र में ऑनलाइन टोकन कटवा लिया था, जबकि बाद में टोकन काटने के लिए पोर्टल खोलने वाले किसानों को बदला हुआ उपार्जन केंद्र दिखाई देने लगा।
कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
इस समस्या से परेशान सुवरगुड़ा के प्रभावित किसानों ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि वे वर्षों से भड़ीसार उपार्जन केंद्र में धान बेचते आ रहे हैं, ऐसे में अचानक केंद्र बदलने से उन्हें आवागमन सहित कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर पोर्टल में आई समस्या का जल्द निराकरण किया जाए और उन्हें पूर्व की तरह भड़ीसार उपार्जन केंद्र में ही धान बेचने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
कांग्रेस ने भी उठाया किसानों का मुद्दा
मामले को लेकर सारंगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश पटेल ने भी किसानों की परेशानी को गंभीर बताते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग किसानों की इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और क्या सुवरगुड़ा के किसानों को फिर से उनके पुराने उपार्जन केंद्र भड़ीसार में धान बेचने की सुविधा मिल पाती है।






