सुरक्षादुर्घटनायातायातस्वास्थ्य

घरघोड़ा में भीषण सड़क हादसा: स्कूली बच्चों से भरी वैन को सीमेंट लदे ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 19 बच्चे घायल, 4 रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर

ढोरम के पास टेरम बायपास में हुआ हादसा, वैन के उड़े परखच्चे; बच्चों की चीख-पुकार से गूंजा घटनास्थल

घरघोड़ा (रायगढ़)। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। ग्राम ढोरम के पास टेरम बायपास में सरस्वती शिशु मंदिर घरघोड़ा के स्कूली बच्चों से भरी तूफान वैन को सीमेंट से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई तथा मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

वैन में सवार थे करीब 19 बच्चे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय वैन में करीब 19 स्कूली बच्चे सवार थे। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वैन से बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल घरघोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस भी सक्रिय हुई और घायलों को पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

डॉक्टरों की टीम जुटी उपचार में, 4 बच्चे रायगढ़ रेफर

घरघोड़ा अस्पताल में बीएमओ डॉ. एस.आर. पैंकरा एवं डॉ. विकास शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए घायल बच्चों का उपचार शुरू किया। बच्चों की स्थिति को देखते हुए बेहतर और उचित उपचार के लिए 4 बच्चों को जिला अस्पताल रायगढ़ रेफर किया गया है। अन्य घायल बच्चों का उपचार घरघोड़ा अस्पताल में जारी है।

पुलिस जुटी हादसे की जांच में

घटना के बाद घरघोड़ा पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रक और वैन के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजर घायल बच्चों के स्वास्थ्य पर टिकी हुई है और सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button