
सारंगढ़, 21 नवंबर 2026। ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक पशुपालन तकनीकों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कृषक कौशल विकास योजना के अंतर्गत जिले की 40 महिला पशुपालकों का सात दिवसीय अंतरराज्यीय शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को शुरू हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर महिला पशुपालकों के दल को ओडिशा के लिए रवाना किया।
इस भ्रमण दल में विकासखंड सारंगढ़ की 20 और विकासखंड बरमकेला की 20 महिला पशुपालक शामिल हैं। सात दिनों तक चलने वाले इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान महिलाएं ओडिशा राज्य के बरगढ़, पिपलिमा, भुवनेश्वर एवं पुरी स्थित विभिन्न पशुपालन, पशु चिकित्सा, कृषि एवं अनुसंधान संस्थानों का दौरा करेंगी।
आधुनिक पशुपालन तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण
भ्रमण के दौरान महिला पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी। इसमें उन्नत प्रजनन प्रबंधन, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के तरीके, पशु पोषण, हरा चारा उत्पादन, पशु रोग नियंत्रण और जैव सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इसके साथ ही विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे महिलाएं नई तकनीकों को अपने गांवों में अपनाकर पशुपालन व्यवसाय को अधिक लाभकारी बना सकें।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
अधिकारियों के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला पशुपालकों के ज्ञान, कौशल और कार्यक्षमता में वृद्धि करना है। आधुनिक तकनीकों एवं प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं पशुपालन को बेहतर आय और आत्मनिर्भर आजीविका का साधन बना सकेंगी। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
इस अवसर पर सारंगढ़ अनुविभागीय अधिकारी दशरथ सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी एवं उपसंचालक महेंद्र पांडे, जनपद सदस्य कोमल शशि पटेल, कृषि स्थायी समिति के सभापति, पशुधन विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।
सात दिवसीय यह भ्रमण महिला पशुपालकों के लिए सीखने, नई तकनीक अपनाने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।






