छत्तीसगढ़पिकनिकसरकारसंस्कृतिसामाजिकसुरक्षा

किंकारी डैम की खूबसूरती पर बदहाली का ग्रहण! विश्राम गृह बना खंडहर, पर्यटकों की उम्मीदों पर फिरा पानी

बरमकेला के धौरादरहा में पर्यटन विकास के दावों की खुली पोल, टूटे दरवाजे, दरारों से भरी दीवारें और जर्जर झूले बयां कर रहे उपेक्षा की कहानी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में शामिल किंकारी जलाशय आज अपनी खूबसूरती से ज्यादा बदहाली को लेकर चर्चा में है। बरमकेला विकासखंड के ग्राम धौरादरहा स्थित इस जलाशय का नजारा तो आज भी लोगों को आकर्षित करता है, लेकिन पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाया गया विश्राम गृह खुद सरकारी उपेक्षा की कहानी बन चुका है। कभी जहां सैलानियों और पिकनिक मनाने वालों की चहल-पहल रहती थी, वहां अब जर्जर भवन, टूटे झूले और पसरा सन्नाटा नजर आता है।

1982 में बना जलाशय, पर्यटन की संभावनाएं आज भी बरकरार

बरमकेला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित किंकारी जलाशय का निर्माण वर्ष 1982 में कराया गया था। करीब 208 हेक्टेयर जल क्षेत्रफल और 4,048 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता वाला यह जलाशय सिंचाई के साथ-साथ प्राकृतिक पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। जलाशय की विशाल जलराशि और आसपास का प्राकृतिक वातावरण इसे पिकनिक और सैर-सपाटे के लिए आकर्षक बनाता है।

इसी संभावना को देखते हुए पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां विश्राम गृह और झूले सहित अन्य सुविधाएं विकसित की गई थीं। लेकिन समय के साथ रखरखाव बंद होता गया और सुविधाएं धीरे-धीरे बर्बादी की भेंट चढ़ गईं।

विश्राम गृह की हालत देखकर लौटने को मजबूर पर्यटक

आज विश्राम गृह की स्थिति बेहद चिंताजनक है। भवन की दीवारों पर बड़ी-बड़ी दरारें दिखाई दे रही हैं। खिड़की-दरवाजे टूट चुके हैं, कमरों की बिजली वायरिंग उखड़ी हुई है और अलमारी, बिस्तर सहित अन्य सामान अनुपयोगी हालत में पड़ा है। भवन के सामने बनी सीमेंट की कुर्सियां भी टूट चुकी हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले जर्जर हो गए हैं। छत तक जाने वाली सीढ़ियों और रेलिंग की स्थिति भी खराब है।

आसपास फैली गंदगी और दुर्गंध ने हालात को और बदतर बना दिया है। ऐसे में परिवार के साथ घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचने वाले लोगों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पातीं। जिस स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए था, वहां बुनियादी सुविधाओं का ही अभाव है।

शिकायतें हुईं, प्रस्ताव बने, लेकिन धरातल पर काम नहीं

विश्राम गृह की बदहाली का मुद्दा पहले भी उठ चुका है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता ताराचंद पटेल ने भवन की मरम्मत और जीर्णोद्धार को लेकर तत्कालीन सिंचाई मंत्री रविंद्र चौबे को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित कराया था। वर्ष 2000 में भी मरम्मत के लिए स्वीकृति मिलने की बात सामने आई थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से काम आगे नहीं बढ़ सका।

करीब चार साल पहले इस विश्राम गृह को पर्यटन मंडल के अधीन किया गया था। उम्मीद थी कि अब पर्यटन की दृष्टि से इसका कायाकल्प होगा, लेकिन यहां भी सुधार की पहल नजर नहीं आई। बाद में भवन को पुनः जल संसाधन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।

फिर बजट में भेजा गया प्रस्ताव, अब स्वीकृति का इंतजार

पिछले बजट सत्र में भी विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिल सकी। अब विभाग ने एक बार फिर इसके सुधार और मरम्मत को बजट में शामिल कराने के लिए प्रस्ताव भेजा है।

जल संसाधन विभाग बरमकेला के एसडीओ ईश्वर दत्त भगत के अनुसार, किंकारी डैम स्थित विश्राम गृह के सुधार के लिए इस बार भी बजट में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया है।

सवाल यह है कि आखिर कब बदलेगी किंकारी डैम की तस्वीर?

किंकारी जलाशय में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है तो सिर्फ बेहतर योजना, नियमित रखरखाव और जिम्मेदार विभागों की गंभीर पहल की। आखिर कब तक यह खूबसूरत जलाशय बदहाल सुविधाओं के कारण अपनी पहचान खोता रहेगा? क्या इस बार बजट में प्रस्ताव भेजने के बाद विश्राम गृह का वास्तव में कायाकल्प होगा या फिर यह मामला भी सरकारी फाइलों तक ही सीमित रह जाएगा?

स्थानीय लोगों और पर्यटकों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम शुरू होने का इंतजार है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button