
151 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, सिमरन साहू, संतोषी चौहान और आकृति गुप्ता ने हासिल किया प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान
रायगढ़। जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, धनुहारडेरा रायगढ़ में 21 नवंबर को जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2027 का भव्य आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की स्वायत्त संस्था माई भारत (My Bharat) रायगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रहा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से 151 प्रतिभागियों ने पंजीयन कर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन माई भारत रायगढ़ की जिला युवा अधिकारी सुश्री वसुंधरा साहू के दिशा-निर्देश तथा जानकी कॉलेज के चेयरमैन शिरीष सारडा एवं डायरेक्टर तृप्ति अग्रवाल के संरक्षण में प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भाग्यवती डोल नारायण नायक तथा विशिष्ट अतिथि रासेयो जिला संगठक डॉ. संतोष कुमार नायक उपस्थित रहे। अतिथियों एवं निर्णायक मंडल ने मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्यगीत का सामूहिक गायन किया गया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने तीन मिनट के भाषण के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और क्षमता का उपयोग देश के विकास में करें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना निश्चित रूप से साकार हो सकता है।
सिमरन साहू प्रथम, संतोषी चौहान द्वितीय और आकृति गुप्ता तृतीय
प्रतियोगिता के परिणामों में ग्राम पंचायत बनई, विकासखंड तमनार की सिमरन साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संत गहिरा गुरु रामेश्वरम शासकीय महाविद्यालय लैलूंगा की संतोषी चौहान द्वितीय तथा जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन धनुहारडेरा की आकृति गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल तथा विशिष्ट अतिथि रविन्द्र गबेल उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल ने कहा कि युवा देश को विकसित बनाने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ते हुए अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। वहीं विशिष्ट अतिथि रविन्द्र गबेल ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत की प्रतिज्ञा भी दिलाई गई।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता
प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित तीनों प्रतिभागी आगामी 4 एवं 5 दिसंबर 2026 को बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. रवींद्र चौबे, डॉ. शारदा घोघरे, अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध चित्रकार मनोज श्रीवास्तव, भोजराम पटेल एवं डॉ. प्रमोद कुमार साहू शामिल रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक, माई भारत रायगढ़ के स्वयंसेवक, जानकी कॉलेज के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन से युवाओं में नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।






