शिक्षासम्मानसामाजिक

बाल संरक्षण आयोग की पहल से तीन बालिकाओं को मिली साइकिल, मुख्य अतिथि डॉ. अभिलाषा नायक ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

बरमकेला। बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को पंडित हृदयानंद पाणिग्राही शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय भीखमपुरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग की पहल पर तीन जरूरतमंद बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।


कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा ‘सशक्त बचपन, सुरक्षित भविष्य’ थीम पर किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।


दरअसल, छत्तीसगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा के भीखमपुरा प्रवास के दौरान स्थानीय सपेरा बस्ती की तीन छात्राओं कु. रिंकी सिदार, कु. पदमा सिदार एवं कु. पुलेश्वरी सिदार ने साइकिल की मांग रखी थी। छात्राओं की जरूरत को समझते हुए आयोग अध्यक्ष ने उनकी मांग स्वीकार की थी। इसी पहल के तहत बुधवार को तीनों बालिकाओं को साइकिल प्रदान की गई। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी एवं बाल यौन शोषण जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और किसी भी तरह के शोषण से बचाव की जानकारी दी। साथ ही आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी बताया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अभिलाषा नायक ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनमें अच्छे संस्कार भी विकसित कर रहे हैं। स्कूल परिसर की स्वच्छता और बेहतर वातावरण बच्चों के स्वास्थ्य एवं पढ़ाई में एकाग्रता के लिए बेहद जरूरी है।


इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला बाल संरक्षण अधिकारी पायल साहू, संरक्षण अधिकारी मीनू पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार कुर्रे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत नायक, शिक्षक षष्ठीचरण गुरु सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button