
9 लाख रुपये का कबाड़ बरामद, राजस्थान का चालक पुलिस के शिकंजे में; दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
रायगढ़। अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी की संपत्ति के परिवहन पर अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली पुलिस ने लाखा केलो डेम के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 टन लोहे के कबाड़ से भरा ट्रक पकड़ा है। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक सहित कबाड़ जब्त कर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध रूप से कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने लाखा केलो डेम के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक क्रमांक RJ 02 GB 1654 को रोककर जांच की।
ट्रक चालक अब्दुल वहाब (50 वर्ष), निवासी जिला झालावाड़, राजस्थान से वाहन में लोड सामान के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह होने पर पुलिस ने तिरपाल से ढके ट्रक की तलाशी ली, जिसमें लोहे के टुकड़े और टीन का सामान भरा हुआ मिला। कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज भी चालक प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने कबाड़ का वजन कराया, जिसमें कुल 28 टन लोहे का कबाड़ पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने ट्रक मय कबाड़ जब्त कर चालक के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 08/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की है।
अवैध कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर
इस कार्रवाई को लेकर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी की संपत्ति के परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कबाड़ परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है।






