
प्रति ट्रिप 400 रुपये की अतिरिक्त वसूली का आरोप, पंचायतों को रॉयल्टी में राहत देने की मांग; मांगें पूरी नहीं हुईं तो विकास कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी
सारंगढ़/सुधीर चौहान। गांवों के विकास कार्यों पर अब रेत की कथित अवैध वसूली का बोझ भारी पड़ने लगा है। रेत खदानों में लोडिंग के नाम पर प्रति ट्रिप 400 रुपये की अतिरिक्त वसूली किए जाने के आरोप को लेकर जिले के सरपंच एकजुट हो गए हैं। सरपंच संघ ने इस मुद्दे पर जिला प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और ठेकेदारों की कथित मनमानी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
सरपंच संघ के सचिव इंदु खूंटे एवं सरपंच प्रतिनिधि रमेश खूंटे के नेतृत्व में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों और प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उनका कहना है कि रेत खदानों में लोडिंग के नाम पर प्रति ट्रिप 400 रुपये की अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है, जिससे पंचायतों के निर्माण एवं विकास कार्यों की लागत लगातार बढ़ रही है।
400 रुपये की अतिरिक्त वसूली से पंचायतों का बजट प्रभावित
सरपंचों ने आरोप लगाया कि गांवों में सड़क, नाली, भवन निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य पहले ही सीमित बजट में कराए जाते हैं। ऐसे में रेत की कीमत के अतिरिक्त लोडिंग के नाम पर वसूली से पंचायतों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इसका सीधा असर ग्रामीण विकास कार्यों पर पड़ रहा है।
पंचायतों के निर्माण कार्यों में रॉयल्टी से राहत की मांग
सरपंच संघ ने मांग की है कि ग्राम पंचायतों के सरकारी एवं जनहितकारी निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली रेत पर नियमानुसार रॉयल्टी में छूट अथवा विशेष राहत प्रदान की जाए। सरपंचों का कहना है कि पंचायतों को गांवों की बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं मिलते, ऐसे में अतिरिक्त आर्थिक बोझ विकास कार्यों की रफ्तार रोक सकता है।
मांगें नहीं मानीं तो विकास कार्यों का बहिष्कार!
ज्ञापन में सरपंच संघ ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि रेत खदानों में कथित अवैध वसूली पर तत्काल अंकुश लगाया जाए और पंचायतों को रॉयल्टी के मामले में राहत दी जाए। यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जिले के समस्त सरपंच एकजुट होकर सरकारी एवं पंचायती विकास कार्यों के बहिष्कार जैसा कठोर निर्णय लेने के लिए बाध्य होंगे।
कई ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के दौरान रेड़ा, उधरा, खुड़ूभांठा, कोतरी, कटेकोनी, सिरोली, पचपेड़ी, बारदुला, गंतुली, बरभांठा (ब), सुवातल, अमलीपाली, साल्हे, हरदी, बरभांठा (अ), दुर्गापाली, कलमी, हिर्री, सुंदराभाठा और जिल्दी सहित अनेक ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अब निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि पंचायतों की इस सामूहिक आवाज के बाद रेत खदानों में कथित अतिरिक्त वसूली पर कब रोक लगेगी और गांवों के विकास कार्यों को कब राहत मिलेगी?






