शिक्षासंगठनसम्मेलन

जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर दिलाई गई शपथ

संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश; डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को किया गया याद

रायगढ़। भारतीय संविधान के गौरव, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, धनुहारडेरा रायगढ़ में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ से संबद्ध महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई के तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के चेयरमैन श्री शिरीष सारडा, डायरेक्टर श्रीमती तृप्ति अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी द्वारा मां सरस्वती, भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

संविधान अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी कराता है बोध

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन श्री शिरीष सारडा ने भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान हमें केवल अधिकार ही प्रदान नहीं करता, बल्कि अपने नागरिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है। संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

वहीं डायरेक्टर श्रीमती तृप्ति अग्रवाल ने संविधान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय है। हमें अपने संविधान का सम्मान करते हुए उसके आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए तथा उनके मार्गदर्शन में आगे बढ़ना चाहिए।

प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, संविधान के प्रति निष्ठा की ली शपथ

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी ने उपस्थित समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखने तथा संवैधानिक मूल्यों का पालन करने की शपथ दिलाई। इसके साथ ही संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ की रही सहभागिता

कार्यक्रम में महाविद्यालय के श्री विद्यानंद पटेल, श्री दिनेश पटेल, प्रो. विवेक कांबले, प्रो. भरत सिदार, प्रो. सीताराम कैवर्त्य, प्रो. मयंक शीतल डनसेना (रासेयो कार्यक्रम अधिकारी), प्रो. अंजु पटेल, प्रो. नेहा डनसेना, प्रो. केशव पटेल, प्रो. अनुभा दुबे, प्रो. ज्योति पटेल सहित समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

संविधान दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करने की दिशा में सार्थक पहल साबित हुआ।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 3 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button