
सारंगढ़। स्टैर्स एंपावरिंग नेशनल स्पोर्ट्स प्रोमोशनल आर्गेनाइजेशन द्वारा नई दिल्ली में राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।नेतृत्व दल प्रमुख एवं स्टैर्स कराते छत्तीसगढ़ के प्रमुख खेत्रो महानंद ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न जिलों के बच्चों से लेकर सीनियर वर्ग के लगभग 133 खिलाड़ी शामिल हुए थे। आत्मरक्षा के इस खेल में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया और ढेर सारा पदक अपने नाम किया।
देश की राजधानी नई दिल्ली इंडोर स्टेडियम में स्टैर्स एंपावरिंग नेशनल स्पोर्ट्स प्रोमोशनल आर्गेनाइजेशन द्वारा स्टैर्स नेशनल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2022-23 (STAIRS NATIONAL SPORTS CHAMPIONSHIP 2022-23) का आयोजन किया गया था।स्टेयर्स युवा मामलों और खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त एक राष्ट्रीय खेल प्रचार संगठन है।जिनके द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “राष्ट्रीय कराते टूर्नामेंट” में छत्तीसगढ़ के कराते खिलाड़ियों ने क्रमशः 4 स्वर्ण पदक, 2 रजत पदक और 9 कांस्य पदक जीतकर अपने राज्य का नाम रौशन किया है।
ज्ञात हो कि “राष्ट्रीय कराते टूर्नामेंट” के लिए छत्तीसगढ़ के नवीन जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला मुख्यालय सारंगढ़ के चौहनपारा (रेंजरपारा) की बेटी सोनिया चौहान का चयन हुआ था,जिसने छत्तीसगढ़ के लिए खेलते हुए इस पूरे टूर्नामेंट में अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ राज्य के साथ साथ पूरे सारंगढ़ जिले का नाम रौशन किया है।
इस उपलब्धि के लिए सारंगढ़ के सभी जनप्रतिनिधियों विधायक उत्तरी जांगड़े, गनपत जांगड़े, अरुण मालाकार, नपा अध्यक्ष सोनी बंजारे, अजय बंजारे, पार्षद सरिता गोपाल आदि ने सोनिया चौहान को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना किए।






