
कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान,पालकों की सक्रिय भूमिका पर जोर दें : राधामोहन पाणिग्राही
सरिया:- शासकीय हाई व हायर सेकेण्डरी स्कूल साल्हेओना में आयोजित पालक–शिक्षक बैठक में बरमकेला विकासखण्ड के बीआरसीसी राजकमल नायक नें छमाही परीक्षा परिणामों की गहन समीक्षा करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार पर विशेष बल दिया। उन्होंने परीक्षा परिणामों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है, उनके पालकों से शाला प्रबंधन समिति द्वारा प्रत्यक्ष संपर्क कर मार्गदर्शन दिया जाना चाहिए।श्री राजकमल नायक ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए नियमित विद्यालय उपस्थिति, पढ़ाई के प्रति रुचि और अनुशासन अत्यंत आवश्यक है।यदि पालक और शिक्षक मिलकर प्रयास करें तो आगामी वार्षिक परीक्षा में निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।उन्होंने पालकों से अपील की कि वे घर का वातावरण बच्चों की पढ़ाई के अनुकूल बनाएं, उनकी दिनचर्या पर नजर रखें तथा प्रतिदिन बच्चों से यह जानने का प्रयास करें कि विद्यालय में उन्होंने क्या-क्या सीखा। साथ ही बच्चों की शैक्षणिक प्रगति को लेकर शिक्षक–पालक संवाद निरंतर बनाए रखने की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया।बैठक में बीआरसी राजकमल नायक के मार्गदर्शन में यह निर्णय लिया गया कि शनिवार के दिन विद्यार्थियों को विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। साथ ही कक्षा के अनुरूप स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण संबंधी जानकारी, निवास एवं आय प्रमाण पत्र से जुड़े विषयों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी पालकों को दी गई।इसके अतिरिक्त वर्ष 2012 से लागू पास्को एक्ट की जानकारी एबीईओ श्री रवि डोंगरे द्वारा देते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा डिजिटल माध्यमों से शिक्षण को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए। अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम पालकों को अवगत कराते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हेतु आवश्यक सुझाव साझा किए गए।बैठक के अंत में हायर सेकेण्डरी स्कूल के अध्यक्ष श्री राधामोहन पाणिग्राही ने संस्था प्रमुख को सभी पालकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति हेतु आग्रह किया कि वे पालक–शिक्षक बैठकों में अनिवार्य रूप से सहभागिता दर्ज कर कमजोर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।इस अवसर पर समिति के पूर्व अध्यक्ष श्री जयरतन पटेल एवं श्री चूड़ामणि पटेल उपाध्यक्ष जगतराम पटेल,स्थानीय जनप्रतिनिधि श्री ईश्वर साहू, सरपंच प्रतिनिधि श्री शौकीलाल सहिस,उपसरपंच श्री प्रदीप पटेल,पंच श्री सीताराम पटेल,श्री अशोक सहिस,हाई स्कूल के प्राचार्य श्री धरमपाल पटेल,संकुल समन्वयक श्री एम.एल.पटेल एवं समस्त व्याख्याता गण एवं पालक गण उपस्थित रहे।






