
खेल में कोई हारता नहीं है या तो जीतता है या सीखता है: प्रेमकिशोर पटेल
बरमकेला : सरस्वती शिशु मंदिर चन्द्रपुर में कोरबा संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साह और खेल भावना के वातावरण में संपन्न हुआ। दो दिवसीय यह प्रतियोगिता 15 एवं 16 अगस्त को आयोजित की जा रही है, जिसमें संभाग के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री शराफ जी, विशिष्ट अतिथि श्री चन्द्रा जी तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री प्रेमकिशोर पटेल जी ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राधामोहन पाणिग्राही जी, श्री रामकुमार पटेल जी एवं श्री मेघनाथ पटेल जी उपस्थित रहे। संस्था के प्राचार्य श्री जगन्नाथ नायक जी सहित जांजगीर, शिवरीनारायण एवं सक्ती जिले से आए आचार्य-दीदी तथा विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने भारत माता के तैल चित्र पर पूजन अर्चन के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेलों को अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना से खेलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री प्रेमकिशोर पटेल जी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल को सदैव खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने कहा, “खेल में कोई हारता नहीं है या तो जीतता है या सीखता है। उन्होंने कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करता, बल्कि इससे बच्चों की बौद्धिक क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि इसके माध्यम से युवा आर्थिक समृद्धि के साथ-साथ सामाजिक प्रतिष्ठा भी हासिल कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि संभव है कि हम अपने जिले के कलेक्टर या चिकित्सा अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से न जानते हों, लेकिन सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों को देश का बच्चा-बच्चा जानता है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि श्री शराफ जी एवं विशिष्ट अतिथि श्री चन्द्रा जी ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और खेल के माध्यम से अपने विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अतिथि परिचय संस्था के प्राचार्य श्री जगन्नाथ नायक जी ने कराया, जबकि मंच का कुशल संचालन संस्था की दीदी श्रीमती टीकेश्वरी चौहान जी ने किया।
दो दिवसीय इस संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जांजगीर, शिवरीनारायण, सक्ती सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी खो-खो एवं कबड्डी में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, आचार्यों एवं आयोजकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।





