
जसपुर और बड़े गुंतली में औचक जांच के दौरान मिली कार्रवाई; जिले के तीन रेत घाटों को संचालन की अनुमति, पीएम आवास हितग्राहियों को मिलेगी मुफ्त रेत परिवहन की सुविधा
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर 18 नवंबर को खनिज विभाग की टीम ने सारंगढ़ तहसील के ग्राम जसपुर और बड़े गुंतली में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना वैध अनुमति साधारण रेत का परिवहन करते पाए जाने पर तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना सारंगढ़ के सुपुर्द किया गया।
तीन रेत घाटों के संचालन को मिली अनुमति
खनिज विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के तहत प्रतिलोम नीलामी के माध्यम से जिले के सात नवीन रेत घाटों की निविदा प्रक्रिया पूरी की गई है। इनमें ग्राम दहिदा, जसपुर (तहसील सारंगढ़) और ग्राम बरगांव (तहसील सरिया) के तीन रेत घाटों के संचालन की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अनुमति प्रदान कर दी गई है। इन घाटों से रेत परिवहन के लिए शासन के खनिज वेब पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक परिवहन अनुज्ञा (ई-टीपी) जारी की जाएगी।
बिना ई-टीपी परिवहन करने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। बिना वैध ई-टीपी के खनिज परिवहन करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति और वाहन के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 सहित प्रचलित खनिज नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पीएम आवास हितग्राहियों को मुफ्त रेत परिवहन की सुविधा
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने आवास निर्माण में रेत की उपलब्धता आसान बनाने के उद्देश्य से ‘ई-रेत संगवारी’ मोबाइल ऐप के माध्यम से रेत के निःशुल्क परिवहन की सुविधा प्रदान की है। हितग्राही ऐप के जरिए प्रमाण पत्र प्राप्त कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला पंचायत में पदस्थ सहायक नोडल अधिकारी दिलीप साहू के मोबाइल नंबर 7000032637 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रेत सहित अन्य खनिजों का परिवहन केवल वैध ई-टीपी के माध्यम से ही करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






