
सारंगढ़-बिलाईगढ़:- जिले के बरमकेला जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत पंचधार के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पंचायत सचिव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, पंचायत सचिव एकादशिया बैरागी की पोस्टिंग पंचधार पंचायत में हुई है। लगभग तीन साल पहले भी वे यहां पदस्थ थे। इस दौरान उन पर कई गंभीर आरोप लगे थे, जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद सचिव को निलंबित कर दिया गया था, लेकिन एक बार फिर उसी पंचायत में उसकी पदस्थापना करने पर ग्रामीण इसका विरोध करते हुए अन्य किसी सचिव की पोस्टिंग करने की मांग की है।

ग्राम पंचायत पंचधार के स्थानीय ग्रामीणों ने 3 अप्रैल बुधवार को बरमकेला जनपद पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा है। सौंपे गए ज्ञापन में बताया है कि पंचधार में पदस्थ पंचायत सचिव लक्ष्मीकांत बहिदार को हटाकर सचिव एकादशिया बैरागी को पदस्थापना के लिए आदेशित किया गया है, इससे ग्राम पंचायत के लोगों में भारी आक्रोश है।

ज्ञापन में जपं सीईओ को बताया गया है कि तीन साल पहले भी एकादशिया बैरागी पंचधार में पदस्थ था। उक्त सचिव के व्यवहार एवं कार्य से ग्रामीण आक्रोशित थे। ग्रामीणों की शिकायत पर जांच हुई थी, जांच में शिकायतें सही मिलने पर निलंबित किया गया था। अब एक बार फिर उसकी पदस्थपना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि सचिव के व्यवहार व कार्य प्रणाली से पंचायत के विकास कार्य बाधित होंगे। ऐसे में किसी अन्य सचिव की पदस्थापना ग्राम पंचायत में करने की मांग की गई है ताकि विकास कार्य पर किसी तरह अवरूद्ध न हो।






