
सरसीवा। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसीवा का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति पंजी की जांच की और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित किया । इसके पश्चात उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर वहां भर्ती मरीजों की स्थिति का अवलोकन किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने अपनी अनुभव साझा किए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों की भी जांच की गई। उन्होंने दवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता तथा उनकी एक्सपायरी तिथि की विशेष रूप से समीक्षा की और संबंधित कर्मचारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। हॉस्पिटल में एंटीबायोटिक एवं एडवेंडजोल टैबलेट की कमी से डॉ ने अवगत कराया। इस अवसर पर संजय भूषण पाण्डेय ने सभी डॉक्टरों एवं स्टाफ को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने पर जोर देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






