
जनता की मांग पर निर्दलीय चुनाव समर में उतरकर बिगाड़ा गणित
बरमकेला/सुधीर चौहान | छत्तीसगढ़ कांग्रेस में असंतोष की लहर गहराती जा रही है। पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा जब बरमकेला नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 06 के ब्लॉक कांग्रेस के महासचिव अभिनव पुजारी ने प्राथमिक सदस्यता सहित समस्त दायित्वों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को भेजे अपने त्यागपत्र में संगठन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में अब उनके अनुभव और निष्ठा का सम्मान नहीं रहा।

“पार्टी में मेरी अब आवश्यकता नहीं” – अभिनव पुजारी
पुजारी, जिनका परिवार हमेशा कांग्रेस की सेवा करता आ रहा है, ने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि”लंबे समय तक पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण के बावजूद मेरे अनुभव की अनदेखी की गई और टिकट काट दिया गया। इससे मुझे गहरा धक्का लगा है। कांग्रेस में वंशवाद, आंतरिक गुटबाजी और अहंकार हावी होता जा रहा है, जिससे समर्पित कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है।”
जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए लिया बड़ा फैसला
अभिनव ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह निर्णय केवल व्यक्तिगत असंतोष के कारण नहीं, बल्कि जनता की भावनाओं और आत्मसम्मान को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने कहा कि संगठन में व्याप्त आंतरिक खींचतान और वंशवादी राजनीति से उनका विश्वास उठ गया है, जिसके चलते अब वे कांग्रेस से पूर्ण रूप से अलग हो रहे हैं।
जनता की मांग पर निर्दलीय चुनाव समर में उतरकर बिगाड़ा गणित
अभिनव पुजारी के इस्तीफे के बाद बरमकेला नगर पंचायत में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। वार्ड क्रमांक 06 में उनकी मजबूत पकड़ है। वर्षों से उन्होंने वार्ड के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में उनकी अच्छी छवि बनी हुई है। उनकी सुलभता, सक्रियता और वार्डवासियों की समस्याओं के समाधान की प्रतिबद्धता के कारण जनता का एक बड़ा वर्ग उनके समर्थन में नजर आ रहा है। जनता की मांग और समर्थन को देखते हुए अप्पू पुजारी ने निर्दलीय ही मैदान में उतर गए हैं जिससे दोनों पार्टी प्रत्याशियों के लिए खासी मुश्किल खड़ी हो गयी है ।






