
बरमकेला:- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूरे देश में गर्व और उत्साह के साथ मनाया जाता है,इसी कड़ी में ग्राम पंचायत बोईरडीह में भी राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। ग्रामवासि, विद्यार्थियों और पंचायत के सदस्यों ने इस दिन को विशेष बनाने के लिए पूरी निष्ठा और लगन के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया।

स्वतंत्रता दिवस के दिन की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। ग्राम पंचायत भवन, प्राथमिक शाला, और माध्यमिक विद्यालय में तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण के समय ग्राम पंचायत के प्रमुख, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, और वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति ने इस अवसर को और भी गरिमामय बना दिया। राष्ट्रगान की गूंज के साथ सभी ने देश के प्रति अपने समर्पण और कर्तव्य का संकल्प लिया।

ध्वजारोहण के पश्चात प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने पूरे गांव में नगर भ्रमण किया। बच्चों ने हाथों में तिरंगे झंडे और देशभक्ति से ओतप्रोत नारों के साथ ग्रामवासियों को जागरूक करने का कार्य किया। इस नगर भ्रमण के दौरान बच्चों के उत्साह को देखकर गांव के लोग भी उत्साहित हो उठे और इस आयोजन का हिस्सा बने।

स्कूलों में बच्चों ने देशभक्ति के गीतों, कविताओं, और नाटकों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कविता पाठ, भाषण प्रतियोगिता, और चित्रकला जैसी गतिविधियों ने समारोह को और भी रोचक और प्रेरणादायक बना दिया।







