
ग्राम पंचायत डभरा की ऐतिहासिक जीत,बरमकेला तहसील में शामिल हुआ गांव
चार साल के संघर्ष और विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े के प्रयासों को मिली सफलता
बरमकेला/सुधीर चौहान:- ग्राम पंचायत डभरा के ग्रामवासियों के लंबे संघर्ष को आखिरकार सफलता मिल गई है। अब यह गांव आधिकारिक रूप से बरमकेला तहसील में सम्मिलित हो गया है। यह फैसला न केवल ग्रामवासियों के आत्मसम्मान की जीत है, बल्कि जनप्रतिनिधियों के सकारात्मक प्रयासों का भी परिणाम है। पिछले चार वर्षों से ग्रामवासी लगातार अपनी मांग को लेकर आवाज उठा रहे थे। बार-बार प्रशासन से निवेदन, जनप्रतिनिधियों से संवाद, आवेदन और आंदोलन करते रहे। ग्रामीणों की यह मांग थी कि उन्हें प्रशासनिक सुविधाओं और विकास कार्यों से सीधे तौर पर जोड़ा जाए।
जिसके लिए बरमकेला तहसील में शामिल होना अत्यंत आवश्यक था। इस संघर्ष में निर्णायक मोड़ तब आया जब क्षेत्रीय विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया। उन्होंने न केवल प्रश्न के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी लगातार दबाव बनाए रखा। अंततः शासन ने ग्रामीणों की मांग को स्वीकार करते हुए डभरा ग्राम पंचायत को बरमकेला तहसील में सम्मिलित कर दिया। इस ऐतिहासिक निर्णय पर गांव में उत्सव का माहौल है। ग्रामवासियों ने विधायक जांगड़े का आभार प्रकट करते हुए इसे ‘जनशक्ति की जीत’बताया। यह निर्णय अब ग्राम के विकास और प्रशासनिक सुविधा में नई राह खोलेगा।
इस मामले में तात्कालिक सरपंच प्रतिनिधि सुशील नायक एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ताराचंद पटेल की भूमिका महत्वपूर्ण थी उन्होंने हर मंच पर ग्राम डभरा के लोगों को मांग को उठाया व विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े जी ने ग्रामवासियों की मांग को विधानसभा में बुलंद किया जिसका परिणाम यह हुआ कि आज ग्राम डभरा तहसील बरमकेला में सम्मिलित हो पाया।






