
पोषण एवं महिला-बाल विकास योजनाओं की दी गई जानकारी, उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच महिलाओं का हुआ सम्मान
बरमकेला। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग बरमकेला द्वारा ग्राम पंचायत नदीगांव में ‘आंगन का मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, गर्भवती माताओं, शिशुवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विभागीय योजनाओं को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत नदीगांव के सरपंच श्री गौरीशंकर विश्वाल एवं महिला मोर्चा सरिया मंडल अध्यक्ष श्रीमती रजनी चौहान रहे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को उनके लाभ एवं उपयोगिता से अवगत कराया गया। साथ ही बच्चों के समुचित पोषण, स्वास्थ्य एवं देखभाल के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
पांच महिलाओं की गोदभराई, तीन बच्चों का अन्नप्राशन
समारोह के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इस अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पौष्टिक आहार तथा बच्चों के बेहतर पालन-पोषण के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं गांव में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच महिलाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों को न्योता भोज कराया गया।
विभागीय अमले सहित बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं उपस्थित
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग बरमकेला की सुपरवाइजर सुश्री खुर्शीद बानो, सुपरवाइजर श्रीमती तरशिला तिर्की, गांव की महिला प्रमुख श्रीमती पुष्पांजलि विश्वाल, पंच श्री रोहित शर्मा, गुरुवारी प्रधान, सेवती चौहान, सुषमा यादव, सुनील प्रधान एवं संपत यादव उपस्थित रहे।
इसके अलावा महिला मोर्चा सरिया मंडल सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती यज्ञसेनी प्रधान, पतंजलि योग समिति सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती नीलावती डनसेना, परिक्षेत्र लुकापारा की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग की मितानिन एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता दिव्या पटेल सहित गर्भवती महिलाएं, शिशुवती माताएं, ग्रामीण महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ शासन की योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाना रहा। समारोह में महिलाओं की सहभागिता और सामुदायिक सहयोग देखने को मिला।






