
बरमकेला। विकासखंड बरमकेला के ग्राम कंठीपाली में आयोजित सात दिवसीय अखंड राम सप्ताह नाम यज्ञ में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने श्री जगन्नाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समस्त ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
ग्राम कंठीपाली पहुंचने पर ग्रामवासियों द्वारा डॉ. अभिलाषा नायक का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता निभाई। संकीर्तन मंडलियों द्वारा ‘जय-जय राम सीताराम, राधेश्याम सीताराम’ के भजन एवं राम नाम का निरंतर जाप किया जा रहा था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
डॉ. नायक भी उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच बैठकर राम नाम का जाप करती नजर आईं। उन्होंने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई। इस दौरान मंदिर परिसर राम नाम की गूंज से गुंजायमान रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
धार्मिक आयोजन से बढ़ती है सामाजिक एकता और भाईचारा
कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों के लिए प्रसाद और महाभंडारे की व्यवस्था की गई थी। डॉ. अभिलाषा नायक ने भी महाभंडारे में शामिल होकर महाप्रसाद ग्रहण किया तथा आयोजन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना मजबूत होती है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भी जीवंत बनाए रखते हैं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच फूलकुमारी पटेल, सेवकराम पटेल, पद्मन पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालु उपस्थित रहे।






