
बरमकेला/शुक्रवार।। बरमकेला तहसील क्षेत्र के ग्राम बुदेली में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा कैलाश नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।कथा स्थल पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए एकत्र हुए।

कथावाचक श्री दिगम्बर जी महाराज (बुदेली वाले)ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने राम जन्म, वनवास, सीता हरण और हनुमान जी की भक्ति जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान “जय श्रीराम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।डॉ. नायक ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह समाज को संस्कार, मर्यादा और एकता का संदेश देती है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर बीडीसी सदस्य हेमकुंवर पुनित राम चौहान, बीडीसी गणेशी चमरा चौहान, पूर्व अनुसूचित जाति आयोग सदस्य पुनीत राम चौहान, सरपंच चतुर्भुज डनसेना, चमरा चौहान,गोकुल विश्वकर्मा, वासुदेव कुम्हार सहित आस-पास के गांवों से पहुंचे भक्तगण एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।






