
मित्र को डंडे से पीटकर किया बेहोश, युवती को जान से मारने की धमकी देकर वारदात को दिया अंजाम; आईफोन, डंडा और लूट की रकम बरामद
रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रॉक गार्डन बोतल्दा में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की शिकायत मिलते ही खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया आईफोन और लूट की रकम भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 की है। पीड़िता अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन सक्ती जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों घूमते हुए दोपहर में रॉक गार्डन बोतल्दा पहुंच गए। इसी दौरान सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें डराया-धमकाया और मोबाइल में रखे 1,200 रुपये तथा उसके मित्र से 10 हजार रुपये लूट लिए।
आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने पीड़िता के मित्र के सिर और शरीर पर डंडे से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। फिर युवती को जान से मारने की धमकी देकर दोनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को इसकी जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
पीड़िता की लिखित शिकायत पर खरसिया पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को गंभीरता से लिया। मामला संज्ञान में आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपियों की तत्काल पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस टीम ने बोतल्दा क्षेत्र में स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। संदेहियों के फोटो पीड़िता को दिखाकर पहचान की पुष्टि की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटना का पुनर्निर्माण भी कराया।
आईफोन, डंडा और नकदी बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर फनेश्वर प्रसाद पटेल के कब्जे से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया आईफोन और 1,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं राहुल पटेल के कब्जे से 3,000 रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया।
आरोपियों के मोबाइल की जांच के दौरान अन्य युवतियों के फोटो एवं वीडियो भी मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इनकी भी जांच कर रही है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पटेल (21 वर्ष), पिता खुलेश्वर पटेल तथा फनेश्वर प्रसाद पटेल (20 वर्ष), पिता कुसुम प्रसाद पटेल, दोनों निवासी ग्राम बोतल्दा थाना खरसिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 597/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 309(6) एवं 70 के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं युवतियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस त्वरित कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन, एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेश कुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक विशोप सिंह, सत्या सिदार, योगेश साहू, सूरज साहू, अनूप मिंज सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






