कानूनव्यापार

अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा, 66.80 क्विंटल धान जब्त; कई जगह छापेमारी से मचा हड़कंप

लैलूंगा से रायगढ़ तक कार्रवाई, राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने पकड़ा अवैध धान

रायगढ़। धान खरीदी सीजन के बीच जिले में अवैध धान की खरीदी-बिक्री, परिवहन और भंडारण पर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 66.80 क्विंटल धान के मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धान कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीएम लैलूंगा द्वारा ग्राम मुकड़ेगा में सुदूराम चौहान के पास रखे 34 कट्टा यानी 14 क्विंटल धान को अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर जब्त किया गया। मामले में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

वहीं, रायगढ़ के काशीराम चौक स्थित विनोद जांगड़े के मकान की मंडी टीम द्वारा जांच की गई। इस दौरान वहां 70 कट्टा यानी 28 क्विंटल धान पाया गया, जिस पर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

इसके अलावा मंडी, राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त जांच टीम ने श्री अनिल किराना दुकान और सीता किराना, शरद अग्रवाल के यहां निरीक्षण किया। जांच में दोनों स्थानों पर कुल 62 कट्टा यानी 24.80 क्विंटल अवैध धान पाया गया। इस मामले में भी मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी

जिले में कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से अवैध धान की खरीदी-बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट स्थापित किए हैं। यहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले वाहनों और धान की जांच के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

इसके साथ ही जिला स्तरीय निगरानी समिति गठित की गई है तथा जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल बनाए गए हैं। इन दलों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध धान की खरीदी, परिवहन और भंडारण पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला प्रशासन का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध धान के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button