
मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया नियंत्रण पर दी गई जानकारी; चार पंचायतों के 40 से 45 सरपंच-पंच हुए शामिल
लेंधरा। पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 28 नवंबर 2026 को लेंधरा में पंचायत प्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय संकुल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में चार पंचायतों धनिगांव, लेंधरा, बैलीडीही एवं सरायपाली के सरपंच, पंच सहित लगभग 40 से 45 पंचायत प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण का आयोजन राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया, जिसमें संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ का सहयोग रहा।

कार्यक्रम में प्रशिक्षण देने के लिए स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक सीमा राजपूत, ब्लॉक समन्वयक बृंदा चौहान एवं मितानिन प्रशिक्षक जान्हवी पंडा उपस्थित रहीं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दीं।
प्रशिक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ की वर्तमान स्वास्थ्य चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण, एनीमिया, कम जन्म वजन, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता तथा दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका पर दिया गया विशेष जोर
प्रशिक्षकों ने बताया कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ग्राम स्तर पर गर्भवती महिलाओं की पहचान, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा, बच्चों का नियमित टीकाकरण, पोषण परामर्श, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में पंचायतों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
इसके साथ ही ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों, जन आरोग्य समितियों तथा सामुदायिक मंचों के माध्यम से स्वास्थ्य कार्यक्रमों की निगरानी और जनभागीदारी को मजबूत बनाने की जानकारी भी दी गई।

स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए दी गई जानकारी
प्रशिक्षण में नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य, मातृ स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।
प्रशिक्षकों ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग करें तथा जरूरतमंद परिवारों तक शासन की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं और जमीनी चुनौतियों से अवगत कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पंचायत स्तर पर समन्वय एवं सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
चार पंचायतों के सरपंच-पंचों की सहभागिता के साथ संपन्न यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।






