
नवापारा में मुख्य सड़क से सटकर चल रहा जय बालाजी फ्लाई-ऐश ब्रिक्स उद्योग सवालों के घेरे में, न बाउंड्री वॉल और न ग्रीन नेट; मीडिया के सवालों पर संचालक ने प्रशासन पर ही उठाए सवाल
रायगढ़/सुधीर चौहान। औद्योगिक नियमों और पर्यावरणीय मानकों का पालन कराने की जिम्मेदारी जिन विभागों पर है, उन्हीं के सामने नियमों को ताक पर रखकर उद्योग संचालन के आरोप सामने आ रहे हैं। छाल क्षेत्र के नवापारा में मुख्य सड़क से सटकर संचालित जय बालाजी फ्लाई-ऐश ब्रिक्स उद्योग अब अपनी कार्यप्रणाली को लेकर विवादों में है। उद्योग में बाउंड्री वॉल और ग्रीन नेट नहीं होने सहित फ्लाई-ऐश के भंडारण को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जब मीडिया ने उद्योग संचालक सुरेंद्र कुमार अग्रवाल से इन सवालों पर जवाब मांगा, तो अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने और व्यवस्था सुधारने की बात कहने के बजाय उन्होंने सड़क की बदहाली का हवाला देते हुए शासन-प्रशासन पर ही सवाल दाग दिए।
छह साल में भी नहीं बनी बाउंड्री वॉल, ग्रीन नेट भी गायब!
नियमानुसार फ्लाई-ऐश आधारित उद्योगों में धूल और राख के फैलाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम होना बेहद जरूरी है। लेकिन नवापारा स्थित उद्योग में बाउंड्री वॉल और ग्रीन नेट नहीं होने की स्थिति सामने आई है। मुख्य सड़क से सटे उद्योग में उड़ती राख राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों के स्वास्थ्य के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
मीडिया द्वारा सवाल किए जाने पर संचालक ने स्वीकार किया कि वे वर्ष 2020 से उद्योग संचालित कर रहे हैं। यानी करीब छह साल बीत जाने के बाद भी बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं हो पाया है। इसके लिए कभी जमीन में गड्ढा होने तो कभी मिस्त्री उपलब्ध नहीं होने का हवाला दिया गया। वहीं ग्रीन नेट के संबंध में संचालक ने बताया कि बरसात में खूंटा सड़कर गिर गया।
उद्योग परिसर में फ्लाई-ऐश के अधिक भंडारण के सवाल पर भी संचालक ने प्लांट एक महीने से बंद होने और माल जमा होने की बात कही। लेकिन सवाल यह है कि यदि उद्योग लंबे समय से संचालित है, तो अब तक जरूरी सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए?
प्रदूषण के सवाल पर संचालक का पलटवार – पहले सड़क सुधारो, फिर बात करो!
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पक्ष संचालक का जवाब रहा। जब उनसे उड़ती फ्लाई-ऐश से राहगीरों को होने वाली परेशानी के संबंध में सवाल किया गया, तो उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पर जवाब देने के बजाय खरसिया से एडु और छाल-नवापारा मार्ग की बदहाल स्थिति का हवाला दिया।
संचालक का कहना था कि सड़क पहले से ही खराब और कचरे से भरी हुई है। शासन पहले सड़क सुधारे, उसके बाद फ्लाई-ऐश को लेकर बात करे।
अब सवाल यह है कि सड़क खराब होने से क्या किसी उद्योग को पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी करने का अधिकार मिल जाता है? क्या सड़क की बदहाली उद्योग की राख और धूल को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी खत्म कर देती है? सड़क निर्माण और प्रदूषण नियंत्रण दो अलग-अलग जिम्मेदारियां हैं, जिनसे कोई भी पक्ष बच नहीं सकता।
जमीन विवाद में राजस्व विभाग पर भी लगाए आरोप
उद्योग संचालक ने जमीन के सीमांकन को लेकर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि उनके पास पांच एकड़ 35 डिसमिल जमीन का पट्टा है, जबकि मौके पर करीब चार एकड़ 55 डिसमिल जमीन ही मिल रही है। संचालक ने लगभग 85 डिसमिल जमीन कम होने की बात कही है।
उनका आरोप है कि राजस्व विभाग के अधिकारी कई बार मौके पर पहुंचे, लेकिन अब तक सही सीमांकन नहीं किया गया। स्थानीय हल्का पटवारी पर भी उन्होंने बिना राजस्व निरीक्षक के मौके पर पहुंचने और समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया है।
हालांकि जमीन के सीमांकन को लेकर संचालक के दावों की स्वतंत्र राजस्व जांच आवश्यक है।
विभागीय अधिकारियों की चुप्पी पर बड़ा सवाल!
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर है। यदि उद्योग में वास्तव में बाउंड्री वॉल, ग्रीन नेट और अन्य जरूरी पर्यावरणीय सुरक्षा इंतजामों का अभाव है, तो अब तक इसकी जांच क्यों नहीं हुई?
क्या संबंधित विभागों ने कभी उद्योग का निरीक्षण किया? क्या उद्योग के पास संचालन के लिए आवश्यक अनुमति और पर्यावरणीय स्वीकृतियां हैं? क्या फ्लाई-ऐश के भंडारण और धूल नियंत्रण की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप है?
अब जरूरत केवल बयानबाजी की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और मौके पर वास्तविक कार्रवाई की है।
जिला प्रशासन, पर्यावरण संरक्षण मंडल और संबंधित औद्योगिक विभाग को तत्काल स्थल निरीक्षण कर उद्योग के दस्तावेजों, सुरक्षा व्यवस्था, फ्लाई-ऐश भंडारण और प्रदूषण नियंत्रण के इंतजामों की जांच करनी चाहिए। अनियमितता प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
बड़ा सवाल यही है कि क्या छाल के नवापारा में नियमों से ऊपर उद्योग संचालित होगा, या फिर जिम्मेदार विभाग आम लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाएंगे?






